राजेश मूणत के खिलाफ पीड़ित युवकों ने दी शिकायत.. TI गिरीश और सिपाही ने भी दी शिकायत..कांग्रेस ने खोला मोर्चा..मंत्री रुद्र गुरु और अजा प्रकोष्ठ कल करेगा पीसी

रायपुर,6 फ़रवरी 2022। पूर्व मंत्री राजेश मूणत समेत सात के खिलाफ गंज थाने,और विधानसभा थाने में लिखित शिकायत दी गई है। इन शिकायतों में गंज थाने में दी गई आवेदन में पूर्व मंत्री राजेश मूणत समेत अन्य के खिलाफ एट्रोसिटी की धाराएँ जोड़ने संबंधी बात लिखते हुए आरोप लगाया गया है। यह आवेदन राजेश छेदइया नामक युवक की ओर से दिया गया है। यह युवक उन युवकों में शामिल था जो मंत्री रुद्र गुरु से मिलने गए थे और उनसे भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट की थी।वहीं विधानसभा थाने में आरक्षक सत्येंद्र प्रधान और टीआई गिरीश तिवारी की ओर से पृथक आवेदन दिए गए हैं।
आरक्षक सत्येंद्र प्रधान ने अपने आवेदन में मोबाइल लूटने डाटा डिलीट करने मोबाईल तोड़ने और मारपीट का आरोप लगाया है।यह शिकायत नामजद के साथ नामजद के सहयोगियों के विरुध्द है।
टीआई गिरीश तिवारी के आवेदन में पूर्व मंत्री राजेश मूणत समेत सात अन्य हैं जिनमें राजेश मूणत के अतिरिक्त दो नामजद है, का ज़िक्र है। इस आवेदन में आवेदक ने खुद और स्टाफ के उपर मारपीट कर हमला किए जाने का ब्यौरा दिया है।
इधर राजेश मूणत को आज पंडरी स्थित अस्पताल ले ज़ाया गया, जहां उनका मुलाहिज़ा हुआ। राजेश मूणत ने डीजीपी को संबोधित आवेदन में खुद और कार्यकर्ताओं पर टीआई गिरीश तिवारी और क्राइम ब्रांच पर आरोप लगाते हुए लिखा गया था कि उनके तथा शुभांकर द्विवेदी के साथ मारपीट की गई है।
राजधानी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि, मुलाहिज़ा में चिकित्सक ने किसी भी चोट को नहीं पाया है।
इधर राजेश मूणत के मसले को लेकर अब कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बयान जारी कर कहा है
*"भाजपा का धरना प्रदर्शन और राज्यपाल से मुलाक़ात की क़वायद चोरी और सीनाज़ोरी है।राजेश मूणत ने सार्वजनिक रुप से पुलिस और राजनैतिक दल के साथ साथ मंत्री से मिलने पहुँचे निर्दोष नागरिकों से गाली गलौच की और मारपीट करा दी..जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।थाने में भी मूणत के द्वारा पुलिसकर्मियों से गाली गलौज और मारपीट का वीडियो वायरल है..पूर्व मंत्री होने या किसी राजनैतिक दल का कार्यकर्ता होने से किसी को क़ानून तोड़ने का विशेषाधिकार नहीं मिल जाता है"*
इसी के साथ राजीव भवन से सूचना दी गई है कि, कल मंत्री रुद्र गुरु और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजकुमार अंचल और अध्यक्ष छत्तीसगढ आदिवासी कांग्रेस साढ़े बारह बजे पत्रकार वार्ता लेंगे।
