'गोमांस खाने में कोई खराबी नहीं, सावरकर ने कहा था'....दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान, बोले- यहां ऐसे भी हिंदू है जो...

भोपाल 25 दिसम्बर 2021. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने आज शनिवार को एक बार फिर विवादित बयान दिया है. कांग्रेस राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भोपाल में कहा, "यह देश विविधताओं का देश है. यहां ऐसे भी हिंदू हैं, जो गोमांस खाते हैं और कहते हैं कहां लिखा है गोमांस ना खाया जाएं और अधिकांश हिंदू गोहत्या के खिलाफ़ है.
कांग्रेस ने जनजागरण अभियान शुरू किया है। इसके तहत आयोजित एक कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह ने कहा कि सावरकर ने खुद अपनी किताब में लिखा है कि हिंदू धर्म का हिंदुत्व से कोई संबंध नहीं है। अब हमारे यहां कई हिंदू ऐसे हैं, जो गोमांस खाते हैं। वह कहते हैं कि ऐसा किसी भी पवित्र ग्रंथ में नहीं लिखा कि गोमांस नहीं खाना चाहिए। हमारी लड़ाई संघ से है, जिसकी विचारधारा देश को बांटने की है। इस वजह से सच को जानना, समझना बेहद जरूरी है।
दिग्विजय सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि जो गाली देता है, उसे भी पुचकारो। संगठन को आगे बढ़ाना है तो अपना अहम्, अहंकार घर छोड़कर आओ। गुस्सा पीकर चलो। मेरी भी लोग आलोचना करते हैं। भला-बुरा कहते हैं। मैंने कभी आपत्ति नहीं उठाई। जो गाली देता है, वह मैं अपने पास नहीं रखता। ब्याज के साथ लौटा देता हूं।
बता दें कि, देश में कांग्रेस ने इन दिनों हिंदू और हिंदुत्व को लेकर बहस छेड़ रखी है। भाजपा और कांग्रेस के बीच हिंदू और हिंदुत्व को लेकर जंग छिड़ी हुई है। हाल ही में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हिंदू और हिंदुत्व को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था कि जो सच्चाई के लिए लड़े वो हिंदू है और जो नफरत फैलाए वो हिंदुत्तव है। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए बीते दिनों कहा था कि 'हिंदुत्ववादी गंगा में अकेला स्नान करता है, जबकि हिंदू गंगा में करोड़ों लोगों के साथ स्नान करता है। एक तरफ हिंदू है, दूसरी तरफ हिंदुत्ववादी है। एक तरफ सच है, दूसरी तरफ झूठ है। हिंदू सच बोलते हैं, हिंदुत्ववादी झूठ बोलते हैं।
