चोर पकड़ने गई पुलिस ने हत्याकांड रोका: कट्टा कारतूस समेत दो गिरफ़्तार.. चूक होती तो सफल होते अपराधी.. गोलियों से गूंजता गिधौरी ..शूटरों की तलाश में टीम रवाना

बिलासपुर,24 अक्टूबर 2021। चोर की तलाश में जुटी सरकंडा टीआई परिवेश तिवारी की पुलिस टीम को शायद ही अंदाज़ा था कि, संपत्ति चोरी के जिस मामले में वो संदेहियों को पकड़ रहे हैं दरअसल उनके हाथ ऐसी सफलता लगेगी कि सभी चकित रह जाएँ। दरअसल बिलासपुर की सरकंडा पुलिस संपत्ति चोरी के मसले पर संदेहियो को राउंड अप कर रही थी, उस दौरान एक शख़्स पुलिस के हत्थे चढ़ गया जिसके मोबाईल में कुछ ऐसे मैसेज दिखे कि पुलिस के होश फ़ाख्ता हो गए। हिकमत अमली से हुई पूछताछ के बाद जो हासिल हुआ वह यह था कि पुलिस ने शूटरों के ज़रिए बिलकुल तयशुदा हत्या को रोक लिया था। अगर ज़रा सी चूक हो जाती तो बिलाशक गिधौरी गोलियों की आवाज़ से गूंजता और लाशें बिछ जातीं।
मसला संपत्ति चोरी की जाँच पर टिका हुआ था, पुलिस चोर की तलाश में संदेहियों को राउंड अप कर रही थी, जहां पुलिस ने प्रमुख संदेही को पकड़ा तो उसने एक अन्य संदेही का पता बता दिया, पुलिस ने उसे उठाया तो संदेही का मोबाइल टीआई परिवेश तिवारी ने टटोल लिया, और उसमें जो नुमाया हुआ उसने पूरी टीम को चौंका दिया। सुमेश कश्यप नाम के इस संदेही के मोबाईल पर व्हाट्सएप चैट थी, कट्टा तमंचा की ढेरों तस्वीरें थीं, जो व्हाट्सएप चैट थी उससे समझने देर नहीं लगी कि, यह एक बेहद गंभीर बड़ी वारदात की क़वायद है, सुमेश से इस पूरे मामले के खुलासे में वक्त लगा लेकिन जब खुलासा हुआ तो पुलिस ने बिलाशक सुपाडी किलिंग के मामले को होने से बिलकुल दरवाज़े पर रोक लिया।
सुमेश कश्यप का विवाद मोंटी कश्यप से था, और सुमेश ने उसकी हत्या के लिए रॉकर कश्यप और कुंदन सागर को पेशगी रक़म दे दी थी। भाड़े के हत्यारों ने गाँव पहुँच कर पूरी रैकी कर ली थी, लेकिन बेहतर हथियार के लिए वे वापस उड़ीसा लौटे थे, और इसके पहले कि वे वापस लौटते पुलिस ने पूरा खेल कर दिया।
कप्तान दीपक झा ने बताया
*"यह पुरानी रंजिश का मसला है, मोंटी की हत्या की साज़िश सुमेश अपने साथी किशन, रॉकी के साथ मिलकर रची थी, और बतौर शूटर उड़ीसा के कुंदन को लाया गया था, एक लाख में यह सौदा हुआ था, प्रारंभिक रुप में क़रीब साढ़े सात हज़ार दिए गए थे। शूटर कुंदन आकर रैकी कर चुका था, बेहतर हथियार लाने वह लौट गया था और वापस आकर वह हत्या करता, लेकिन उसके पहले ही पुलिस ने कार्यवाही कर ली"*
सरकंडा पुलिस ने सुमेश और किशन को गिरफ़्तार कर लिया है जबकि रॉकी और कुंदन की तलाश में टीम रवाना हो चुकी है। वहीं शूटर की ओर से मोंटी कश्यप को दोपहर हत्या की धमकी का फ़ोन आया है। यह फ़ोन झारखंड से किया गया था,हालाँकि यह इलाक़ा उड़ीसा से लगा हुआ है।
