कांग्रेस विधायक और जिलाध्यक्षों के बीच सामंजस्य बिठाएंगे पार्टी प्रभारी, कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में हुए कई अहम फैसले

दुर्ग, 10 नवंबर 2021। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में अभी पूरे दो साल बाकी है। लेकिन सूबे में सरकार चला रही कांग्रेस इसके लिए अभी से कमर कसकर तैयार हो गई है। इसी कड़ी में आज दुर्ग में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक हुई। जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित हुए।
बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने जिला कांग्रेस प्रभारियों को विधायकों-जिलाध्यक्षों के बीच सामंजस्य बनाने के निर्देश दिए। बैठक में ये भी फैसला हुआ कि 14 नवंबर को भिलाई से जनजागरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हरी झंडी दिखाएंगे। अभियान का समापन 29 नवंबर को कोंडागांव में होगा। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में संगठन चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी सदस्यता अभियान में विधायक भी सक्रिय होंगे।
इस बार 105 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी लक्ष्य को लेकर बैठक में CM भूपेश बघेल के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, शिव डहरिया समेत सरकार के कई मंत्री और पार्टी पदाधिकारी इस बैठक में शामिल हुए। दुर्ग के राजीव भवन में हुई बैठक में केंद्र सरकार के खिलाफ महंगाई के मुद्दे को लेकर राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया।
