Begin typing your search above and press return to search.

अंग्रेजी स्कूलों में डेपुटेशन में गड़बड़ी का मामला गूंजा, स्कूल शिक्षा मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने किया सदन से वॉक आउट

अंग्रेजी स्कूलों में डेपुटेशन में गड़बड़ी का मामला गूंजा, स्कूल शिक्षा मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने किया सदन से वॉक आउट
X
By NPG News

रायपुर 8 मार्च 2022। छत्तीसगढ़ विधानसभा में भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने हिंदी मीडियम स्कूलों को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूलों में बदलने का मुद्दा उठाया। शिक्षा मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राज्य की दशकों पुरानी कई स्कूलों का नाम बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में हिंदी मीडियम स्कूलों को बंद कराया जा रहा है, वहां बालिका शिक्षा का क्या होगा? बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर के कुछ हिंदी मीडियम स्कूलों को बंद करा दिया गया है। उन्हें फिर से शुरू किया जाना चाहिए और कई स्कूलों में प्रतिनियुक्ति में भी गड़बड़ियां हुई हैं। इस पर स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि किसी भी स्कूलों का नाम परिवर्तन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्ति नियमों से हुआ है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 15 साल में भाजपा ने कुछ नहीं किया और आज हम कर रहे हैं, तो आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी माध्यम स्कूलों की कोई उपेक्षा नहीं हो रही है। प्रदेश में 171 अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में हिंदी माध्यम की भी पढ़ाई हो रही है। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट भाजपा विधायकों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट कर दिया।

Next Story