महिला संसदीय सचिव के लेटरपैड से शिक्षिका की शिकायत, शिक्षिका पहुँच गई संसदीय सचिव से गुहार लगाने तब खुला मामला, दर्ज हुई एफआईआर

बिलासपुर, 24 अक्टूबर 2021। बिलासपुर के तखतपुर से विधायक व संसदीय सचिव रश्मि सिंह के फर्जी लेटर पैड से शिक्षिका की शिक्षा विभाग में शिकायत का मामला संज्ञान में आने के बाद संसदीय सचिव के निज सहायक ने पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई हैं। मामले का खुलासा तब हो सका जब विभाग में शिकायत होने पर शिक्षिका राहत की गुहार लगाने संसदीय सचिव के पास ही पहुँच गई, तब संसदीय सचिव के संज्ञान में यह बात आई कि किसी ने उनका फर्जी लेटरपैड बना कर शिक्षिका को परेशान करने की नीयत से शिक्षा विभाग में उसकी शिकायत कि है। अब उनके निर्देश के बाद उनके निज सहायक ने कोनी थाने में फर्जी लेटरपैड बनाने वाले अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई हैं।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार घुटकू संकुल में आने वाले निरतू ग्राम पंचायत के करहीपारा में स्थित प्राथमिक स्कूल के प्रधानपाठक दुर्गा यादव के खिलाफ तखतपुर के बीइओ से वितीय अनियमितता की शिकायत संसदीय सचिव के लेटरपैड में की गई थी। शिकायत में मध्याहन भोजन में गड़बड़ी व वितीय अनियमितता की जाँच की मांग की गई थी। बीईओ तखतपुर ने एबीईओ को इसकी जांच के निर्देश दिए।
अपने खिलाफ हो रहे जांच की जानकारी जब प्रधानपाठक को लगी तो वह संसदीय सचिव रश्मि सिंग के पास अपना पक्ष रखने को पहुँची और बताया कि उनके द्वारा कोई अनियमितता न करते हुए सभी काम नियमतः ही किये जाते हैं लिहाजा आपकी नाराजगी ठीक नही है। शिक्षिका की बात सुन कर संसदीय सचिव रश्मि सिंग हैरान रह गईं क्योकि उनके द्वारा एसी कोई शिकायती पत्र भेजा ही नही गया था। उन्होंने इसकी तफ्तीश करवाई तो पता चला की उनका फर्जी लेटरपैड बना कर किसी ने शिकायत की थी।
आईजी,एसपी को संसदीय सचिव ने दी जानकरी
संसदीय सचिव ने इसकी जानकारी आईजी व एसपी को भिजवाई तथा उनके निर्देश पर उनके निज सहायक ने कोनी थाना पहुँच कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कूटरचना की एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 465,469 के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
