खाई में गिरी गाड़ी... 14 की मौत, 5 की हालत गंभीर... सवारियों से भरी गाड़ी खाई में गिरी... लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

देहरादून 31 अक्टूबर 2021। उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। उत्तराखंड के देहरादून जिले के चकराता तहसील में हुए इस सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हुई है, जबकि 4 लोग घायल हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उत्तराखंड पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर है। खाई से लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सभी मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे। उधर, सड़क हादसे की सूचना के बाद नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह उस ओर रवाना हुए हैं।
चकराता तहसील से जुड़े भरम खत के बायला गांव से विकासनगर जा रही यूटिलिटी रविवार सुबह पीएमजीएसवाई के बायला-पिंगुवा मार्ग पर गांव से करीब 300 मीटर आगे चलकर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। सड़क हादसे में यूटिलिटी सवार 14 लोगों की मौके पर ही मौत की सूचना है। गाड़ी के खाई में गिरते हुए चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों मौके पर पहुंचकर घायलों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है। चूंकि दुर्घटनास्थल अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में हैं, ऐसे में राहत व बचाव कार्य में समय लग रहा है। घटना की सूचना से राजस्व और थाना पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई। एसडीएम चकराता सौरभ असवाल ने बताया घटनास्थल के लिए चकराता और त्यूणी तहसील से राजस्व टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चकराता के बुल्हाड़-बायला मार्ग पर हुए वाहन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति और परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तेजी से राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा कि घायलों के उपचार में कोताही बर्दास्त नहीं कि जाएगी।
