Begin typing your search above and press return to search.

कोरोना की तीसरी लहर का आतंक: एक दिन में 1159 मौतें, 40 हजार से अधिक संक्रमण... रूस के मास्को में लॉकडाउन,गैर-जरूरी सेवाएं बंद

कोरोना की तीसरी लहर का आतंक: एक दिन में 1159 मौतें, 40 हजार से अधिक संक्रमण... रूस के मास्को में लॉकडाउन,गैर-जरूरी सेवाएं बंद
X
By NPG News

नईदिल्ली 28 अक्टूबर 2021. रूस में कोरोनावायरस का कहर जारी है. यहां पिछले कुछ दिनों से हर दिन एक हजार से अधिक लोगों को जान गंवाना पड़ रहा है. रूस में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 1,159 लोगों की कोविड-19 की वजह से मौत हुई है. इस दौरान कोरोनावायरस के 40,096 नए मामले भी रिपोर्ट किए गए हैं. नए मामलों में हुए इजाफे की वजह से अधिकारियों को आंशिक लॉकडाउन प्रतिबंध लागू करने पड़े हैं. राजधानी मॉस्को में गैर-जरूरी सेवाओं को 11 दिनों तक बंद कर दिया गया है, ताकि कोरोना से निपटा जा सके.

नवंबर के पहले हफ्ते से रूस में एक राष्ट्रव्यापी कार्यस्थल शटडाउन लागू किया जाएगा. मॉस्को ने गुरुवार से ही आंशिक लॉकडाउन लागू कर दिया है. इंटरनेशनल न्यूज एजेंसी एएफपी के हवाले से एएनआई ने गुरुवार (28 अक्टूबर) को यह खबर दी है.

यूरोप में इसे वैश्विक महामारी की सबसे बड़ी मार बताया जा रहा है. रूस में कई वैक्सीन विकसित हुए, लेकिन वहां टीकाकरण की रफ्तार बहुत धीमी रही. कहा जा रहा है कि वैक्सीनेशन की धीमी रफ्तार की वजह से ही यूरोप के इस महत्वपूर्ण देश में कोरोना एक बार फिर विकराल रूप धारण करता जा रहा है. पिछले एक सप्ताह से निरंतर कोरोना संक्रमण के मामले और इससे होने वाली मौतों में तेजी आयी है.

सरकारी आंकड़ों में गुरुवार को बताया गया कि 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 40,096 मामले सामने आये, जबकि 1,159 लोगों ने संक्रमण की वजह से दम तोड़ दिया. कोरोना का संक्रमण जब पूरी दुनिया में फैला, तो कई देशों ने अपने यहां लॉकडाउन लगाया. कोरोना के दौरान सख्ती से उसका पालन कराया. शुरुआती कुछ दिनों के बाद रूस में अधिकारियों ने लॉकडाउन से परहेज किया. लेकिन, अब जबकि संक्रमण इस तेजी से फैल रहे हैं, तो मास्को में कठोर लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गयी है.

सरकारी अधिकारियों ने 28 अक्टूबर से 7 नवंबर तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है. कहा है कि सिर्फ अत्यावश्यक सेवाओं को ही लॉकडाउन से छूट रहेगी. आदेश में रेस्तरां, खेल और मनोरंजन की तमाम गतिविधियों के साथ-साथ रिटेल आउटलेट्स को भी बंद रखने के लिए कहा गया है. सभी स्कूलों को भी अगले आदेश तक बंद रखा जायेगा. खाने-पीने, दवा और अन्य अत्यावश्यक वस्तुओं की दुकानों को ही खोलने की अनुमति दी गयी है.

अधिकारियों ने छुट्टियों के दिन में लोगों से घरों पर रहने के लिए नहीं कहा गया है. लोग कहीं भी आने-जाने की योजना बना रहे हैं. गुरुवार को कुछ वाहन कम दिखे, लेकिन मेट्रो में पहले की तरह ही भीड़ थी. काफी संख्या में ऐसे यात्री मेट्रो में दिखे, जिन्होंने मास्क नहीं पहना था. सोची सिटी के मेयर ने कहा है कि बड़े पैमाने पर पर्यटक ब्लैक सी रिसोर्ट के लिए मशहूर शहर में आने को बेताब हैं. वहीं, रूस के लोग तुर्की और मिस्र जाने के लिए बेताब दिख रहे हैं.

Next Story