शिक्षिका की गोली मारकर हत्या: स्कूल में घुसकर शिक्षिका को गोलियों से भूना, हत्या के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग...

कश्मीर 31 मई 2022। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिला अंतर्गत पड़ने वाले गोपालपोरा में आतंकियों ने एक हिंदू अध्यापिका की गोली मार कर हत्या दी। पुलिस ने आतंकियों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। आतंकियों की शिकार बनी अध्यापिका की पहचान रजनी बाला के रूप में हुई है। महिला शिक्षिका की हत्या करीब 10 बजे की गयी है।
जानकारी के अनुसार कुलगाम के गोपालपोरा इलाके में आज सुबह आतंकियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जाता है कि महिला टीचर गोपालपोरा हाई स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। आतंकियों ने स्कूल में घुसकर रजनी बाला पर गोलीबारी की। रजनी बाला रोज 10 किमी दूर से गोपालपोरा में पढ़ाने आती थी, जहां आतंकियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
रजनी बाला की हत्या के बाद से उनके गांव नानके चक में शोक की लहर दौर गई है। विभिन्न राजनीतिक और गैर राजनीतिक संगठनों ने इस हत्या के खिलाफ रोष प्रदर्शन शुरू कर दिया है। लोग आतंकियों के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं।
इस घटना की निंदा करते हुए जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने कहा कि "यह दुखद है। निहत्थे नागरिकों पर हुए हालिया हमलों में एक और नाम जुड़ गया। निंदा और शोक के सभी शब्द खोखले हैं जब तक सरकार यह आश्वासन नहीं देती। हम चैन से नहीं बैठेंगे।" वहीं, पीडीपी की मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि "भारत सरकार की ओर से स्थिति सामान्य होने के दावों के बाद भी नागरिकों की हत्या हो रही है। यह बेहद चिंता की बात है। मैं इस कायरता पूर्ण हमले की निंदा करती हूं।
