आजीवन कारावास की सजा काट रहा बाहुबली की बेटी को सपा ने उतारा मैदान में, बाहुबली की बेटी विलायत से की है एमबीए

आगरा, 20 जनवरी 2022। आगरा जिले में फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी ने बाहुबली की बेटी को चुनाव मैदान में उतारा है। वाटी ने तीन दिन पहले घोषित प्रत्याशी को बदलकर रुपाली दीक्षित को टिकिट दे दिया। बताते हैं, सपा को फीडबैक मिला था कि पार्टी प्रत्याशी कमजोर हैं। इसलिए ब्राम्हण कार्ड खेलते हुए बाहुबली की बेटी को मैदान में उतार दिया।
34 वर्षीय रूपाली दीक्षित बाहुबली अशोक दीक्षित की पुत्री हैं। इंग्लैंड से एमबीए किया है। जिलाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने रूपाली के नाम पर मुहर लगने की पुष्टि करते हुए बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्णय का सम्मान होगा। रूपाली फतेहाबाद से दावेदारी कर रही थीं, परंतु उनकी जगह 17 जनवरी को राजेश शर्मा का नाम फाइनल हुआ था। पार्टी सूत्रों की मानें, तो गोरखपुर से सपा नेता हरी शंकर तिवारी रूपाली दीक्षित की पैरवी में जुटे हुए थे। बुधवार सुबह रूपाली लखनऊ पहुंच गई। दोपहर बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उन्हें बी फॉर्म जारी कर दिया है।
फतेहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी छोटे लाल वर्मा मैदान में हैं। 2007 में अशोक दीक्षित ने फतेहाबाद से निदर्लीय चुनाव लड़ा था। तब वह दूसरे नंबर पर रहे थे। अब उनकी बेटी पर सपा ने दांव लगाया है। ऐसे में दोनों के बीच टक्कर बताई जा रही है।
पिछले दिनों छोटे लाल ने अशोक दीक्षित के खिलाफ विवादित बयान दिया था। तब मामला चर्चाओं में आया था। अशोक दीक्षित बरेली केंद्रीय जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। वर्ष 2007 में फिरोजाबाद के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण यादव के भाई सुमन यादव की बीच चौराहे पर गोली मारकर हत्या के मामले में 2015 में न्यायालय ने अशोक दीक्षित को सजा सनाई थी। अशोक दीक्षित पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
