रूसी हमले में सात की मौत: नौ घायल; 9 जख्मी.. मिसाइल अटैक के बाद शहर में घुसे टैंक, दो गांवों पर रूस का कब्जा

नईदिल्ली 24 फरवरी 2022। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं। पुतिन ने कहा है कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी।
यूक्रेन में रूसी हमले में अब तक सात लोगों की मौत की खबर है, जबकि नौ व्यक्तियों के घायल होने की भी खबर है। इस बीच, यूक्रेनी सेना के कमांडर ले। जनरल वालेरी का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि वह रूस के सामने सरेंडर नहीं करेंगे। यह उनकी मातृभूमि है और वह लड़ेंगे।
इधर यूक्रेन की सरकार ने अब वहां मार्शल लॉ लागू कर दिया है। UN में रूस ने हमले पर अपना पक्ष भी रखा है। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा घोषित विशेष अभियान यूक्रेन के लोगों की रक्षा के लिए हैं, जो वर्षों से पीड़ित हैं। हमारा लक्ष्य यूक्रेन को नरसंहार से मुक्त करना है।
रूस ने नाटो देशों से कहा है कि हम सभी नतीजों के लिए तैयार हैं। इधर भारत ने यूएनएससी में एक बार फिर कहा है कि मामले का शांति से सामाधान निकाला जाना चाहिए।
बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच पनपा विवाद बेहद गरमाया हुआ है। यूक्रेन की सेना के हवाले से समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि लुहान्स्क में पांच रूसी प्लेन और एक चॉपर मार गिराया गया है। पलटवार में रूस ने भी कहा कि उसने यूक्रेन के एयरबेस तबाह कर दिए हैं। इस बीच, जर्मन चांसलर ने कहा कि यूक्रेन पर रूस का हमला "यूरोप के लिए डार्क डे" है।
