
नईदिल्ली 24 फरवरी 2022. रूस की सेना की ओर से दावा किया गया है कि उसने यूक्रेनी नेशनल गार्ड के मुख्यालय को नष्ट कर दिया गया है। यूक्रेनी सेना में बहुत अधिक लोग हताहत हुए हैं।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी। पुतिन ने यूक्रेनी सेना को धमकी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द हथियार डाल दें नहीं तो युद्ध को टाला नहीं जा सकता है। पुतिन ने आगे कहा कि अगर कोई दूसरा देश बीच में आता है तो उसके खिलाफ भी जवाबी कार्रवाई होगी।
यूक्रेन में मिलिट्री एक्शन पर रूसी सेना का बयान भी आया है। इसमें कहा गया है कि उन्होंने यूक्रेन के एयर बेस, मिलिट्री बेस को निशाना बनाया है। इसके साथ ही कहा गया है कि आबादी वाले क्षेत्रों को निशाना नहीं बनाया गया है. बता दें कि इससे पहले खबर आई थी कि यूक्रेन में कई जगहों पर धमाके हुए हैं. इसमें यूक्रेन की राजधानी कीव पर तो क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला होने की जानकारी मिली थी। यूक्रेन की राजधानी कीव के बाद वहां Odessa, Kharkiv, Donetsk में कई धमाके सुनाई दिए थे।
यूक्रेन पर रूस ने चौतरफा हमला बोल दिया है। मिसाइल, फाइटर प्लेन से यूक्रेन के शहरों पर हमले हो रहे हैं। इस बीच रूस ने यूक्रेन पर साइबर हमला भी किया है। साइबर हमले की वजह से यूक्रेन के बैंक, एटीएम की सेवाएं प्रभावित हो गई हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उन्होंने पुतिन को फोन किया था लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा, वह खामोश रहे। उनकी खामोशी एक बड़े युद्ध की शुरुआत हो सकती है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि उनका देश रूस के लिए न तो कभी खतरा था, और न है और न भविष्य में रहेगा। आपने कहा है कि आप यूक्रेन को मुक्त करेंगे लेकिन यूक्रेन के नागरिक पहले से आजाद हैं। हम नाजी नहीं है, हमने नाजीवाद पर विजय पाने के लिए 80 लाख लोगों का बलिदान दिया है।
यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने रूस के पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। यूक्रेन की सेना पलटवार करना शुरू किया है। यूक्रेन के कई शहरों में रूसी सेना के हमले हो रहे हैं। कई शहरों में धमाकों हुए हैं। लोग शहरों को छोड़कर सुरक्षित जगहों रप जा रहे हैं।
खबर यह भी आ रही है कि यूक्रेन पर हमले में रूसी सेना का साथ बेलारूस की सेना भी दे रही है। बेलारूस की सेना यूक्रेन की सीमा में दाखिल हो चुकी है।
