रिटायर्ड शिक्षिका को बेटे ने ही ठगा....अन्य महिला को मां बनाकर बैंक में फर्जी चेक से निकाल लिया 29 लाख, मां को जब बेटे की करतूत का पता लगा तो उड़ गये होश....

राजनांदगांव 26 अक्टूबर 2021। एक रिटायर्ड शिक्षिका ने अपने ही बेटे के खिलाफ थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षिका की शिक्षिका पर पुलिस ने बेटे के खिलाफ 420 का मामला दर्ज कर इसकी जांच मे जुट गई है। पीड़िता का नाम शमीम खान 70 वर्षीय निवासी तुलसीपुर रेल्वे क्रासिंग वार्ड नं. 17 है, जो एक रिटायर्ड प्रिंसिपल है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
कोतवाली थाने में दी गई पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, एक सालों से उनके खाते में लेनदेन की जानकारी दर्ज नहीं थी। इस वजह से 31 अगस्त को अपने बड़े पोते को स्टेट बैंक मुख्य शाखा भेज कर जानकारी मंगाई गई थी। इस दौरान शाम में पता चला कि, उनके द्वारा खाते में जमा किये गये 29 लाख 88 हजार में सिर्फ अब उनके कहते में 18 हजार रूपए ही है। पास बुक में लेनदेन की जानकारी मिलने के बाद वो हैरान रह गई। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी अपने बड़े बेटे आफताब अहमद को दी और फिर 1 सितंबर को बैंक पहुंच कर मिनी स्टेटमेंट निकालकर खाते से निकाले गए रकम की जानकारी ली गई।
इस दौरान बैंक से जानकारी मिली कि, ये सारी रकम उनके छोटे बेटे ने फर्जी चेक के माध्यम से किसी अन्य महिला को अपनी मां बनाकर फर्जी साइन के द्वारा निकाल लिए गए है। इस बात की जानकारी मिलने के बाद रिटायर्ड प्रिंसिपल के होश उड़ गये। इसके बाद पीड़िता महिला कोतवाली थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित महिला ने रिटायर्ड होने के बाद मिली सारी जमा पूंजी और जमीन बिक्री से प्राप्त रूपयों को बैंक में जमा कराई थी।
बेटे के द्वारा की गई धोखाधड़ी से पीड़िता सदमे में है और अब इस मामले में बैंक के कर्मचारियों और अपने छोटे बेटे मेहताब अहमद खान के खिलाफ दर्ज करा कर जाँच की मांग की है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 420 का मामला दर्ज कर आगे की जांच मे जुट गई है।
