Begin typing your search above and press return to search.

आईएएस अफसरों के ट्रांसफर पर कूदे सियासी नेता, उमर अब्दुल्ला बोले लद्दाख सजा नहीं, तो महिला सांसद बोली शर्मनाक

आईएएस अफसरों के ट्रांसफर पर कूदे सियासी नेता, उमर अब्दुल्ला बोले लद्दाख सजा नहीं, तो महिला सांसद बोली शर्मनाक
X
By NPG News

नई दिल्ली, 27 मई 2022। स्टेडियम में कुत्ता घुमाने वाले आईएएस दंपती के पनिशमेंट ट्रांसफर पर राजनीति तेज हो गई है। खिरवार का दिल्ली से लद्दाख और दुग्गा का अरुणाचल प्रदेश तबादला किया गया है। सांसद मोइत्रा ने ट्वीट कर कहा कि आईएएस रिंकु दुग्गा व खिरवार के उत्तर पूर्वी राज्यों में तबादला कर गृह मंत्रालय ने बता दिया है कि ये राज्य उसकी नजर में 'कचरा फेंकने का मैदान' हैं।

पूर्व आईपीएस किरण बेदी ने IAS संजीव खिरवार के ट्रांसफर पर सवाल उठाए हैं. किरण बेदी ने कहा कि अगर आईएएस के स्टेडियम में कुत्ता घुमाने की घटना को सही पाया गया तो उन्हें दूसरे केंद्र शासित प्रदेश क्यों भेजा जा रहा है? उन्हें फैसला आने तक छुट्टी पर क्यों नहीं भेजा जा रहा. उन्होंने आगे कहा कि भारतीय सिविल सेवा का बेहद अहम है.

स्टेडियम में कुत्ते को टहलाने के मामले पर सियासत भी जमकर हो रही है। भाजपा आम आदमी पार्टी पर निशाना साध रही है। साथ ही दिल्ली इकाई के भाजपा अध्यक्ष ने उपराज्यपाल को पत्र लिखकर त्यागराज स्टेडियम की घटना पर संज्ञान लेने का आग्रह किया है। पत्र में कहा गया है कि दिल्ली के स्टेडियमों की हालत बेहद खस्ता है और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की जगह अरविंद केजरीवाल की सरकार उन्हें हतोस्ताहित करने का काम कर रही है, जिसके कारण दिल्ली में खेल का स्तर गिर रहा है।

मोइत्रा ने अरुणाचल के सीएम पेमा खांडु व केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू को टैग करते हुए उनसे गृह मंत्रालय के इस फैसले का विरोध करने को कहा है। लोकसभा सांसद ने कहा कि दिल्ली के एक निरंकुश नौकरशाह का अरुणाचल प्रदेश में तबादला करना राज्य के लिए शर्म का विषय है। तृणमूल सांसद ने कहा कि इन अधिकारियों के उत्तर पूर्व में किए गए तबादलों से साफ हो गया है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय उत्तर पूर्व के लिए सिर्फ जुबानी प्रेम दिखाता है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, 'लोग लद्दाख को सजा वाली पोस्टिंग क्यों कह रहे हैं? कई के लिए यह खूबसूरत जगह है। लद्दाख के लोगों के लिए यह निराशाजनक है कि अधिकारियों को सजा देने के लिए वहां भेजा जाता है।'

गौरतलब है कि गुरुवार सुबह ही खबरें आईं थी कि दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में IAS दंपति अपना कुत्ता टहलाने के लिए खिलाड़ियों को स्टेडियम से जबरन खाली करा लिया जाता था। स्टेडियम के खिलाड़ियों और कोच ने दिल्ली के मुख्य सचिव (राजस्व) संजीव खिरवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि दिल्ली के मुख्य सचिव खिरवाल अपने कुत्ते के साथ टहलने के लिए एथलीट्स को स्टेडियम से बाहर निकलने के लिए कहा है। इस कारण उनका अभ्यास बाधित हुआ है। दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में कुत्ता टहलाना IAS दंपति को खासा महंगा पड़ा है। स्टेडियम से खिलाड़ियों को बाहर करवाकर कुत्ता टहलाने वाली खबर वायरल हो गई। जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दोनों अधिकारियों का पर कार्रवाई करते हुए तबादला कर दिया है।

बता दें, संजीव 1994 बैच के IAS अधिकारी हैं, जो फिलहाल दिल्ली में रेवेन्यू कमिश्नर के पद पर तैनात थे। मामला सामने आने के बाद दिल्ली और केंद्र सरकार की काफी किरकिरी हो रही थी, जिसके बाद देर रात IAS दंपत्ति पर एक्शन लिया गया।

Next Story