चपरासी ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट पर बैंक के शाखा प्रबंधक पर लगाया प्रताड़ना का आरोप...परिजनों ने थाने के पास शव रखकर किया प्रदर्शन....

बिलासपुर 26 दिसम्बर 2021। बैंक चपरासी के द्वारा आत्महत्या कर लेने के बाद उसके शव के साथ परिजनों ने थाने का घेराव कर दिया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि, उसके बेटे ने बैंक प्रबंधक की प्रताड़ना के चलते घर मे फांसी लगाकर जान दे दी है। परिजन बैंक प्रबंधक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे है। पुलिस अब इस मामले में घेराव करने आये परिजनों को समझाने में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक घटना रतनपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक का नाम बसंत कुमार यादव था, जो पेंड्रा जिला सहकारी बैंक में चपरासी के पोस्ट पर पदस्थ था। मृतक बैंक के सामने ही किराए के मकान पर रहता था और एक हफ्ते पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर रतनपुर वार्ड नंबर 3 के महामाई पारा में आया था। यहाँ पर परिजनों के साथ रह रहा था। शनिवार की रात खाना खाने के बाद वो सभी अपने अपने कमरे में सोने चले गए थे। सुबह तड़के जब मृतक की पत्नी उठी और बाथरूम में गई तो वहां पर उसके पति का शव फंदे पर लटका हुआ था।
मृतक के पास से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमे शाखा प्रबंधक विनय साहू पर प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। सुसाइड नोट से मिली जानकारी के बाद मृतक के परिजन शव को लेकर रतनपुर थाना पहुंचे और शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। लोगों की भीड़ देख थाना प्रभारी रतनपुर ने मृतक के परिजनों को कार्रवाई को लेकर आश्वसान दिया, जिसके बाद सभी शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए है।
वहीं पुलिस भी इस मामले में आगे की जांच में जुट गई है।
