नो पोस्टर/फ़्लेक्सी ज़ोन में पोस्टर लगाने के बाद NSUI में नूरा कुश्ती: NSUI का कार्यक्रम और ज़िलाध्यक्ष का फ़ोटो नदारद ..धक्कामुक्की के बीच पोस्टर गिराए गए.. विवाद की आशंका पर पुलिस पहुँची

अंबिकापुर,14 नवंबर 2021।ज़िला कांग्रेस कार्यालय याने राजीव भवन में नो फ्लैक्स/बैनर ज़ोन में NSUI प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में बनाए गए बैनर फ्लैक्स में NSUI ज़िलाध्यक्ष का फ़ोटो नाम नहीं लगाए जाने को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं में हल्की झड़प हुई। वरिष्ठों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे का दौरा अंबिकापुर में है,इस दौरे में सभा का आयोजन था। राजीव भवन में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम चल रहे थे।कार्यक्रम की वजह से एनएसयुआई को दूसरा स्थान दे दिया गया।
विवाद तब हुआ जबकि राजीव भवन में फ्लैक्स बैनर टांगे गए, राजीव भवन में नो फ्लैक्स बैनर ज़ोन में इसे लगाने से तो आपत्ति हुई ही, बवाल का पतीला तब और सुलग गया जबकि लगाए गए बैनर फ्लैक्स में NSUI ज़िलाध्यक्ष का नाम ग़ायब था।इसे लेकर आपत्ति बहस में तब्दील हो गई।
भारी नारेबाज़ी के बीच नो फ्लैक्स ज़ोन से बैनर पोस्टर गिराए गए,वहीं NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय का कार्यक्रम राजीव भवन के ठीक सामने रोड ब्लॉक कर पंडाल लगा कर आयोजित कर दिया गया।
NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज चौबे के इस कार्यक्रम जिसमें सड़क ब्लॉक कर पंडाल लगाया गया था उसमें मंत्री अमरजीत भगत के समर्थकों की ही सक्रियता थी, जबकि NSUI ज़िलाध्यक्ष को पैलेस समर्थक माना जाता है और जबकि सड़क ब्लॉक कर NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज चौबे का स्वागत किया जा रहा था , मंच से और राजीव भवन प्रांगण से ज़बर्दस्त नारेबाज़ी होते रही। मंच से मंत्री अमरजीत भगत उनके पुत्र आदित्य भगत के ज़िंदाबाद के नारे लगने शुरु हुए तो राजीव भवन के प्रांगण से सिंहदेव ज़िंदाबाद के नारे लगने लगे।
इस तनातनी के बीच पुलिस भी मौक़े पर मौजूद रही। एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला, कोतवाली टीआई राहुल तिवारी और बल के साथ देर तक मौक़े पर मौजूद रहे।
ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा
*"राजीव भवन में पूर्व से कार्यक्रम निर्धारित थे, NSUI प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम की सूचना कल शाम को दी गई, उन्हें वैकल्पिक रुप से राजमोहनी भवन और फिर कला केंद्र की व्यवस्था दी गई थी, पर उन्होंने सड़क पर किया। बैनर पोस्टर फ्लैक्स राजीव भवन में नो ज़ोन पर लगाया गया था, उसे हटाने की बात थी, पर यदि गिराया गया है तो इसकी जाँच करेंगे। अनुशासन सबके लिए है जो भी अनुशासनहीनता करेगा उस पर कार्यवाही करेंगे"*
