सीएम के ओएसडी को नोटिस... फोन टैपिंग केस में पुलिस ने 22 अक्टूबर को किया तलब, पिछली बार नहीं गए थे बुलाने पर, जानें क्या है मामला

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर 2021। फोन टैपिंग के मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा को फिर से नोटिस भेजा है। लोकेश को ई-मेल के जरिए भेजे गए नोटिस में 22 अक्टूबर को सुबह से 11 बजे तलब किया गया है। इससे पहले भी 24 जुलाई को लोकेश को दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे थे।
बता दें कि पिछले साल जुलाई में सचिन पायलट कैंप की बगावत के बाद, गहलोत खेमे ने भाजपा पर विधायकों की खरीद फरोख्त का आरोप लगाते कुछ ऑडियो टेप वायरल किए थे, जिसमें केंद्रीय मंत्री शेखावत की कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा के साथ गहलोत सरकार को गिराने के लिए सौदेबाजी का आरोप लगा था। इसमें केस दर्ज किए सात महीने होने वाले हैं, लेकिन अब तक इसमें कोई विशेष प्रगति नहीं हुई है। अब तक सीएम के ओएसडी से लेकर किसी से भी पूछताछ नहीं हुई है। ओएसडी से पहले मुख्य सचेतक डॉ.महेश जोशी को 24 जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने उम्र का हवाला देते हुए आने से इंकार कर दिया था। लोकेश ने एफआईआर को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी हुई है। अब तक तीन बार सुनवाई हो चुकी है। हाल ही में लोकेश को 13 जनवरी तक हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर राहत मिली है। 13 जनवरी तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकती, लेकिन पूछताछ कर सकती है।
