कानून ही नहीं, क्रिकेट के भी महारथी हैं नए चीफ जस्टिस अरूप गोस्वामी, कल संभालेंगे हाईकोर्ट में जिम्मेदारी, जानें उनकी खूबियों के बारे में

बिलासपुर, 17 अक्टूबर 2021। छत्तीसगढ़ के नए चीफ जस्टिस अरूप गोस्वामी बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। कानून में महारत होने के साथ-साथ उन्होंने खेल के क्षेत्र में भी झंडे गाड़े हैं। साथ ही, हाईकोर्ट की इनहाउस पत्रिका का भी सम्पादन किया है।
9 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ हाइकोर्ट में तबादला आदेश जारी होने के बाद 12 अक्टूबर को राजधानी रायपुर के राजभवन में शपथ लेने वाले जस्टिस गोस्वामी 17 अक्टूबर को दशहरा अवकाश के बाद 18 अक्टूबर को बिलासपुर हाइकोर्ट में पदभार सम्हालेंगे। जस्टिस गोस्वामी ने क्रिकेट में रुझान के कारण क्रिकेट के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करते हुए असम की रणजी टीम में अपनी जगह बनाई और असम क्रिकेट टीम की तरफ से रणजी खेला। इसके अलावा गुवाहाटी बार एसोसिएशन के महासचिव रहते हुए उन्होंने हाइकोर्ट की द्विवार्षिक समाचार पत्रिका atman (आत्मन) का संपादन कार्य भी किया है।
असम के जोरहट में 11 मार्च 1961 को जन्मे अरूप कुमार गोस्वामी ने साल 1981 में गुवाहाटी के कॉटन कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री हासिल की। उन्होंने 1985 में वकालत की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद असम, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश की बार काउंसिल में वकील के रूप में नामित हुए। इस दौरान उन्होंने मुख्य रूप से सिविल, आपराधिक, संवैधानिक और सेवा मामलों पर पैरवी की। वकालत की लंबी पारी खेलने के बाद उन्हें 2004 में गुवाहाटी हाईकोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता मनोनीत किया गया। फिर वर्ष 2011 में उन्हें गुवाहाटी हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया और 2012 में स्थाई जज बन गए।
जस्टिस गोस्वामी नागालैंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष भी रहे। जस्टिस गोस्वामी 2018 में असम राज्य के साथ ही अरूणाचल प्रदेश राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण के भी कार्यकारी अध्यक्ष रहे। इस बीच उन्हें गुवाहाटी हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी भी दी गई। अक्टूबर 2019 में जस्टिस गोस्वामी को सिक्किम हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश बनाया गया। इसके बाद दिसंबर 2020 में उनका ट्रांसफर आंध्रप्रदेश हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के पद पर किया गया। अब उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी दी गई है।
तीसरा हाईकोर्ट जहां होंगे चीफ जस्टिस, गुवाहाटी में रह चुके हैं एक्टिंग चीफ जस्टिस
जस्टिस गोस्वामी ने गुवाहाटी हाईकोर्ट में 24 जनवरी 2011 को न्यायाधीश के रूप में कार्यभार सम्हाला और 14 अक्टूबर 2019 तक वहां कार्यरत रहे। इस दौरान उन्होंने हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार सम्हाला।इसके अलावा वो 15 अक्टूबर 19 से 5 जनवरी 21 तक सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं। 6 जनवरी 2021 को उन्होंने आंध्रप्रदेश के उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश का पदभार सम्हाला था।
18 अक्टूबर को हाईकोर्ट में ओवेशन
नए चीफ जस्टिस के स्वागत के लिए हाईकोर्ट में तैयारियां कर ली गई हैं। सोमवार को उनका ओवेशन रखा गया है। बुधवार को सीजे गोस्वामी ने हाईकोर्ट के जस्टिस के साथ ही न्यायिक अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली। गुरुवार को भी जस्टिस व अफसरों से मुलाकात का दौर चलता रहा। साथ ही, हाईकोर्ट के सीनियर अधिवक्ताओं ने भी उनसे भेंट की। हाईकोर्ट में 17 अक्टूबर को दशहरा अवकाश खत्म हो रहा है। हाईकोर्ट में कामकाज शुरू होने के पहले ही दिन चीफ जस्टिस गोस्वामी के सम्मान में ओवेशन का आयोजन होगा। इसके बाद सीजे के रूप में कामकाज शुरू करेंगे।
