Begin typing your search above and press return to search.

CG BJP का नया चेहरा: मोदी सरकार के 8 साल के काम को लोगों तक पहुंचाने पहली बार लीक से हटकर नेताओं को जिम्मेदारी, बूथों में 75 घंटे देंगे नेता-कार्यकर्ता

30 मई को मोदी सरकार के 8 साल पूरे हो जाएंगे, इसे सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के रूप में मनाया जाएगा

CG BJP का नया चेहरा: मोदी सरकार के 8 साल के काम को लोगों तक पहुंचाने पहली बार लीक से हटकर नेताओं को जिम्मेदारी, बूथों में 75 घंटे देंगे नेता-कार्यकर्ता
X
By NPG News

रायपुर, 27 मई 2022। छत्तीसगढ़ में भाजपा की नई पीढ़ी या सेकंड लाइन को लेकर बड़ी बहस चल रही है। इस बीच मोदी सरकार के 8 साल के कामों को लोगों तक पहुंचाने के लिए लीक से हटकर नई टीम का गठन किया गया है। इस टीम में परंपरागत चेहरों के बजाय उन लोगों को जगह दी गई है, जो फिलहाल अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। यही वजह है कि भाजपा में ही इस बात की चर्चा है कि नए लोगों के हाथ में नेतृत्व देने की तैयारी शुरू हो गई है।

दरअसल, 15 साल की सरकार के बाद जब भाजपा विधानसभा की सिर्फ 15 सीटें जीत सकी, तभी से शीर्ष नेतृत्व में बदलाव की बात उठने लगी थी। भाजपा ने लंबे समय तक संगठन की कमान संभालने वाले राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह से लेकर पार्टी प्रभारी डॉ. अनिल जैन को बदल दिया। उनके स्थान पर संगठन में शिवप्रकाश और पार्टी प्रभारी के रूप में डी. पुरंदेश्वरी और नितिन नबीन की नियुक्ति की। चिंतन शिविर में भी बदलाव को लेकर कई निर्णय लिए गए थे। सेवा सुशासन और गरीब कल्याण कार्यक्रम के जरिए नए चेहरों को आगे लाने की कोशिश की गई है। ये सारे आयोजन 30 मई से 14 जून तक चलेंगे, जिसमें नेताओं को जन केंद्रित गतिविधियों में लोगों के बीच 75 घंटे का समय देना है।

साव संयोजक, सौरभ-दिनेश सहित 5 सह संयोजक

बिलासपुर सांसद अरुण साव को 8 साल- सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण कार्यक्रम की प्रदेश टोली का संयोजक बनाया गया है। साव को कुछ दिनों पहले ही राष्ट्रीय टीम में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। साथ ही, प्रदेश में कोर ग्रुप में शामिल किया गया है। गाहे-बगाहे उनका नाम प्रदेश अध्यक्ष या कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के रूप में भी आता रहता है। अकलतरा विधायक सौरभ सिंह, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, उषा टावरी, अशोक पांडेय और भारत सिंह सिसोदिया सह संयोजक बनाए गए हैं। सौरभ सिंह अपने क्षेत्र से लेकर विधानसभा और संगठन की गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहते हैं। संगठन के गुड बुक में हैं।

हर विषय के लिए सिर्फ सक्रिय को दिया गया जिम्मा

संगठन ने 17 अलग-अलग विषय तय किए हैं। इनमें एक-एक प्रभारी बनाया गया है। सबसे पहला और चौंकाने वाला नाम गौरीशंकर श्रीवास का है। किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीवास लगातार अलग-अलग मुद्दों पर सक्रिय हैं। किसान मोर्चा की गतिविधियों को जीवंत बनाए हुए हैं। महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री विभा अवस्थी को महिलाओं के मुद्दे पर आगे लाया गया है। ओबीसी सुनीता मानिकपुरी, एससी बेदराम जांगड़े और एसटी में रामलखन सिंह पैकरा को जिम्मेदारी दी गई है। शहरी गरीब के मुद्दे पर प्रफुल्ल विश्वकर्मा और विख्यात हस्तियों से जुड़े मसले के लिए नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक को दायित्व दिया गया है। कौशिक एकमात्र शीर्ष नेता हैं, जो इस टीम में हैं।

युवा चेहरे संजय, अनुराग, विजय और ओपी भी टीम में

भाजयुमो के तीन पूर्व अध्यक्ष और भाजयुमो के वर्तमान सह प्रभारी भी अलग-अलग जिम्मेदारी निभाएंगे। ओपी चौधरी को बूथ स्तर पर लाभार्थी संपर्क, संजय श्रीवास्तव को रैली, विजय शर्मा को लाभार्थियों का वीडियो (टेस्टिमोनियल) और अनुराग सिंहदेव को विकास तीर्थ बाइक रैली की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह मीडिया नलिनीश ठोकने, कमजोर वर्ग संजू नारायण ठाकुर, टीकाकरण एवं सेवा डॉ. जेपी शर्मा, डॉ. शम्भू गुप्ता, सोशल मीडिया दुर्गेश ठाकुर, केंद्रीय मंत्रियों का प्रवास राजीव अग्रवाल, दीपक म्हस्के, प्रेस वार्ता की जिम्मेदारी अनुराग अग्रवाल को दी गई है।

Next Story