खरगे के घर विपक्षी एकता की पहल : बिहार के सीएम और डिप्टी सीएम पहुंचे मल्लिकार्जुन खरगे के निवास पर, राहुल भी मौजूद

नई दिल्ली ब्यूरो. देश में 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निवास से विपक्षी एकता की पहल हुई है. खरगे के निवास पर बुधवार को बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पहुंचे. राहुल गांधी भी वहां मौजूद थे. जो खबरें आ रही हैं, उसके मुताबिक आम चुनाव से पहले नीतीश कुमार को उत्तरप्रदेश में यूपीए का संयोजक बनाया जा सकता है. इस बैठक को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि विपक्षी एकता के पैरोकार रहे नीतीश के जरिए एक बार फिर विपक्षी दलों को एक करने की कोशिश की जा सकती है. ऐसे में भाजपा और केंद्र सरकार के लिए नई मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं.
बैठक के बाद राहुल गांधी का ट्वीट...
विचारधारा की इस लड़ाई में, विपक्ष की एकता की ओर आज एक ऐतिहासिक कदम लिया गया है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 12, 2023
साथ खड़े हैं, साथ लड़ेंगे - भारत के लिए! pic.twitter.com/xoStUuiqyL
मोदी का विरोध, साथ और अब चुनौती
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने नरेंद्र मोदी को एनडीए द्वारा पीएम पद का उम्मीदवार बनाने पर विरोध किया था. पीएम मोदी का विरोध करने के बाद में वे भाजपा के साथ जुड़ गए और सरकार भी चलाई. इसके बाद अब भाजपा के लिए चुनौती बनने जा रहे हैं. नीतीश कुमार विपक्षी एकता के समर्थक रहे हैं. इससे पहले भी कई बार वे कांग्रेस को साथ लेकर चलने की बात कह चुके हैं.
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के निवास पर हुई इस बैठक के बाद फिर से महागठबंधन जैसी पहल हो सकती है. बता दें कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के राष्ट्रीय महाधिवेशन में भाजपा विरोधी सभी दलों को साथ लाने का प्रस्ताव आया था. इस बैठक के बाद कहा जा रहा है कि इसकी शुरुआत हो चुकी है. कांग्रेस और आरजेडी नेताओं का यह मानना है कि नीतीश कुमार यूपीए के कुनबे को बढ़ा सकते हैं. हालांकि नीतीश पीएम पद के उम्मीदवार नहीं होंगे. उन्होंने भी पहले यह स्पष्ट किया था कि 2024 में जो नतीजे आएंगे, उसके बाद निर्णय लिया जाएगा.

मनोज व्यास : छत्तीसगढ़ में 18 साल से पत्रकारिता में सक्रिय, सभी प्रमुख संस्थाओं में दी सेवाएं, इसी दौरान हरिभूमि समाचार पत्र से जुड़े। इसके बाद दैनिक भास्कर में सिटी रिपोर्टर के रूप में जॉइन किया। नौकरी के साथ-साथ गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से एमएमसीजे की पढ़ाई पूरी की। न्यायधानी के बाद राजधानी का रुख किया। यहां फिर हरिभूमि से शुरुआत की और नेशनल लुक, पत्रिका, नवभारत, फिर दैनिक भास्कर होते हुए भविष्य की पत्रकारिता का हिस्सा बनने के लिए NPG.News में बतौर न्यूज एडिटर जॉइन किया। इस बीच नवभारत के भुवनेश्वर, ओडिशा एडिशन में एडिटोरियल इंचार्ज के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
-
Home
-
Menu
