मम्मी-पापा सावधान!.. आपके बच्चे को भी पब्जी की लत है तो संभालिए... लखनऊ में फौजी के बेटे ने मां को मारा, क्योंकि...
मां की लाश के साथ तीन दिन रहा 16 साल का लड़का, फिर पिता को वीडियो कॉल कर दी जानकारी

NPG डेस्क, 08 जून 2022। एक दिल दहला देने वाली खबर आ रही है। खबर लखनऊ की है, लेकिन सभी माता-पिता के लिए अलार्मिंग है। 16 साल के बेटे ने अपनी मां को इसलिए मार डाला, क्योंकि उसने पब्जी खेलने से मना किया। इसके बाद तीन दिन तक मां की लाश के साथ रहा। 10 साल की छोटी बहन को भी बाहर जाने से रोका। आखिरकार जब शव से बदबू आने लगी, तब वीडियो कॉल कर पिता को खबर दी। पिता ने पुलिस को खबर दी, तब मंगलवार की रात पुलिस ने शव को बाहर निकाला। किशोर के पिता नवीन कुमार सिंह सेना में जूनियर कमीशन्ड ऑफिसर हैं। उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में है। किशोर अपनी मां साधना सिंह (40 वर्ष) व 10 साल की बहन के साथ लखनऊ के पीजीआई इलाके में यमुनापुरम कॉलोनी में रहता था।
लखनऊ के एडिशनल डीसीपी काशिम आब्दी ने मीडिया से कहा कि बेटा मोबाइल पर गेम खेलने का आदी था, लेकिन साधना उसे गेम खेलने से रोकती थीं। शनिवार की रात भी उन्होंने बेटे को गेम खेलने से मना किया। बेटा इससे नाराज हो गया। रात करीब 2 बजे जब साधना गहरी नींद में थीं, उसने अलमारी से पिता की पिस्टल निकाली और मां की हत्या कर दी। इसके बाद बहन को डरा-धमकाकर उसी कमरे में बंद कर दिया। भाई के डर से बहन मां की लाश के साथ सोती रही।
पब्जी से इतनी क्रूरता कि 6 गोलियां मां पर दाग दीं
तीन दिन से लाश पूरी तरह सड़ चुकी थी। पुलिस बड़ी मुश्किल से नाक पर रूमाल रखकर भीतर गई। जिस कमरे में लाश पड़ी थी, वहीं किनारे 10 साल की मासूम भी थी। शव के पास लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुआ, जिसकी मैग्जीन खाली थी। पुलिस का अनुमान है कि बेटे ने 6 की 6 गोलियां मां पर दाग दी थीं। हालांकि शव के सड़ने के कारण गन शॉट दिखाई नहीं दे रहा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यह पता चलेगा कि कितनी गोलियां चली थीं।
