विधायक ने भीड़ पर चढ़ाई कार, 7 पुलिसकर्मियों समेत 23 घायल... गुस्साए लोगों ने विधायक को बेदम पीटा

भुवनेश्वर 12 मार्च 2022. ओड़िशा में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जैसा हादसा हुआ है. सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (BJD) के निलंबित विधायक प्रशांत जगदेव की कार ने भीड़ को रौंद दिया. इसमें 7 पुलिसकर्मी समेत 23 लोग घायल हो गये हैं. घटना ओड़िशा के खुर्दा जिला के बनपुर ब्लॉक में हुई.
ओडिशा के चिलिका विधानसभा क्षेत्र से बीजू जनता दल (बीजद) के निलंबित विधायक प्रशांत जगदेव ने अपनी गाड़ी से चुनाव के लिए जमा हुई भीड़ को रौंद दिया. इस दुर्घटना में करीब 23 लोग घायल हुए हैं, जिसमें ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिस कर्मी समेत 7 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है. हालांकि, इस हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने विधायक की गाड़ी को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. साथ ही, विधायक के साथ भी मारपीट की.
खुर्दा जिले के बनपुर ब्लॉक में, चेयरमैन चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ करीब 500-600 लोग इकट्ठा हुए थे. उसी दौरान विधायक जगदेव ब्लॉक पहुंचे और गाड़ी से जबरन भीड़ को रौंदते हुए आगे बढ़ गए. जिसकी वजह से ड्यूटी पर तैनात 7 पुलिसकर्मियों के साथ अन्य 23 लोग जख्मी हुए हैं.
इस हादसे के बाद, घटनास्थल पर मौजूद गुस्साए लोगों ने विधायक की गाड़ी को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. साथ ही जोरदार हंगामे के बीच लोगों ने विधायक के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए. विधायक के साथ अन्य सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है.
अधिकारियों ने कहा कि घटना में बानापुर पुलिस थाना के प्रभारी निरीक्षक आर. आर. साहू सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उन्हें भुवनेश्वर के एम्स अस्पताल में ले जाया गया है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बीजेपी के लगभग 15 कार्यकर्ता और सात पुलिसकर्मी इस घटना में घायल हुए हैं. इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है. खुर्द के एसपी आलेख चंद्र पाढ़ी ने जानकारी दी कि विधायक को पहले टांगी अस्पताल और बाद में भुवनेश्वर ले जाया गया. उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के मारे जाने की खबर नहीं है.
