Begin typing your search above and press return to search.

पारा 45 डिग्री पार: इस सीजन में पहली बार 45 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा, बस्तर को छोड़ सभी हिस्सों में 40 डिग्री से ज्यादा तापमान; गर्मी से झुलसे लोग

मौसम विभाग की चेतावनी- छत्तीसगढ़ के उत्तरी भाग में एक-दो स्थानों पर लू की संभावना है।

पारा 45 डिग्री पार: इस सीजन में पहली बार 45 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा, बस्तर को छोड़ सभी हिस्सों में 40 डिग्री से ज्यादा तापमान; गर्मी से झुलसे लोग
X
By NPG News

रायपुर, 27 अप्रैल 2022। छत्तीसगढ़ में इस सीजन में तापमान पहली बार 45 डिग्री सेल्सियस पार हो गया। बुधवार को रायगढ़ सबसे गर्म रहा। वहीं, रायपुर, बिलासपुर व दुर्ग संभाग में एक-दो स्थानों पर लू की स्थिति रही। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी राज्य के उत्तरी भाग में लू चलने की चेतावनी दी है। वहीं, दक्षिणी हिस्से में एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

द्रोणिका का प्रभाव कम होने के बाद राज्य के अधिकांश हिस्से में गर्मी में तेजी से इजाफा हुआ है। बुधवार को रायगढ़ का तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस साल गर्मी में पहली बार इतना तापमान था। राजधानी रायपुर में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह बिलासपुर में 43.4 और दुर्ग में 43.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। बस्तर को छोड़ दें तो दुर्ग, राजनांदगांव, पेंड्रारोड, अंबिकापुर सभी जगहों पर पारा 40 डिग्री से ऊपर जा पहुंचा।

कल और तपेगी राजधानी, लू आसार

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तरी हिस्से में तापमान में और वृद्धि होगी। लू चलने की संभावना है। राजधानी में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। बुधवार को अधिकतम तापमान बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर व दुर्ग में सामान्य से अधिक रहा। बस्तर में सामान्य से कम रहा। न्यूनतम तापमान में बस्तर संभाग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

Next Story