माननीयों पर सीबीआई और आईटी का रेडः राजनीतिक फंडिंग को लेकर देश के कई राज्यों में सीबीआई और आईटी का छापा, दो मंत्रियों के ठिकानों पर भी दबिश

नई दिल्ली। आज छापों का दिन है। देश भर में सीबीआई और आईटी की टीम सौ से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है। इसमें राजनीतिक फंडिंग को लेकर ये कार्रवाई बताई जा रही है। छत्तीसगढ़ में भी आधा दर्जन कारोबारियों और बिल्डरों के छापा पड़ा है। इनमें रायगढ़, खरसिया, रायपुर से जुडे़े व्यापारी, शराब कारोबारी, बिल्डर और भाजपा नेता के एक करीबी कारोबारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के विधि मंत्री और राजस्थान के गृह राज्य मंत्री के ठिकानों पर भी जांच एजेंसियां ने दबिश दी हैं। सीबीआई की टीम ने आसनसोल स्थित ममता सरकार में कानून मंत्री मलय घटक के आवास पर छापा मारा है। इसके अलावा कोलकाता के चार ठिकानों पर भी सीबीआई के अधिकारी पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि सभी ठिकाने मलय घटक से जुड़े हुए हैं। सीबीआई की टीम का यहां तलाशी अभियान जारी है।
राजस्थान में आय़कर विभाग ने गृह राज्यमंत्री राजेंद्र यादव और उनके रिश्तेदारों पर रेड डाली है। जयपुर में बड़े पैमाने पर छापे मारे गए है। आज अलसुबह ही छापेमार की कार्यवाही शुरू हुई। आय़कर विभाग ने रेड में सीआरपीएफ के जवानों का भी सहयोग लिया है। बताया जाता है कि करीब 50 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे गए है। इस छापेमार कार्यवाही की व्यापार जगत में खासी चर्चा हो रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी आयकर विभाग ने छापे मारे थे। छापामार कार्यवाही में 300 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल बताए जा रहे हैं। राजेंद्र यादव सीएम गहलोत के बेहद करीबी मंत्री माने जाते हैं। पता चला है, यूपी में भी कई कारोबारियों के यहां आईटी का छापा पड़ा है।
