लव सेक्स और मर्डर: ड्राइवर दोस्त की पत्नी से लड़ा रहा था इश्क, शराब के नशे में खुद ने बता दी ऐसी बात, और...
नकटा तालाब में मिली लाश के आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गोंदिया से पकड़ा
रायपुर, 25 अप्रैल 2022। ड्राइवर साथी के घर-घर आते-जाते युवक की बुरी नजर उसकी पत्नी पर पड़ गई। उसकी पत्नी भी पहली नजर में दिल दे बैठी और इसके बाद जो गंदा खेल शुरू हुआ, उसने दो परिवारों को उजाड़ दिया। दोनों छिप-छिप कर मिलते रहे। इसके बाद दोनों ने एक होने की ठानी। इसके लिए बीच में आ रहे अपने ही दोस्त को मार डाला। घटना राजधानी रायपुर की है। पुलिस ने 9 अप्रैल को नकटा तालाब में हुई हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक 9 अप्रैल को हीरापुर के तुलु ध्रुव ने कबीरनगर थाने में रिपोर्ट लिखाई थी कि उसके बेटे मुकेश की लाश नकटा तालाब में मिली है। पुलिस घटनास्थल पहुंची तो मुकेश की लाश पड़ी थी। सिर के पीछे की ओर किसी भारी वस्तु से चोट के निशान थे। तुलु ध्रुव ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा साहू ट्रांसपोर्ट में पांच साल से गाड़ी चला रहा था। प्रथम दृष्टया पुलिस ने भांप लिया कि यह हत्या का मामला है।
पुलिस टीम ने अपने स्तर पर जानकारी जुटानी शुरू की। मृतक के पिता, पत्नी और दोस्तों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही थी, तभी पुलिस के पास एक चौंकाने वाली जानकारी मिली। मुकेश के साथ काम करने वाला अविनाश भंडारकर उर्फ आकाश घटना के बाद से ही गायब है। पुलिस को शक हुआ। उसके नंबर की निगरानी शुरू की तो बार-बार राजस्थान, गुजरात और अन्य राज्यों का लोकेशन मिलता रहा।
इस बीच पुलिस को महाराष्ट्र के गोंदिया में आकाश के मोबाइल का लोकेशन मिला। पुलिस ने देर नहीं की और तत्काल एक टीम गोंदिया के लिए रवाना हुई। आखिरकार आकाश को पकड़ लिया गया। इसके बाद हत्या की कहानी सामने आई।
दोस्त की पत्नी से शादी की ख्वाहिश, इसलिए बनाया मर्डर का प्लान
अविनाश भंडारकर उर्फ आकाश ने बताया कि वह और मुकेश दोनों साथ में साहू ट्रांसपोर्ट में गाड़ी चलाते थे। इस दौरान दोनों की दोस्ती हो गई। उसका मुकेश के घर आना-जाना था। इस दौरान वह मुकेश की पत्नी को पसंद करने लगा। उसकी पत्नी भी पसंद करती थी। दोनों का प्यार परवान चढ़ने लगा। मुकेश की गैरमौजूदगी में भी दोनों मिलने लगे। आकाश की इच्छा मुकेश की पत्नी से शादी करने की थी। उसने मुकेश को शराब पीने का ऑफर दिया। अपनी बाइक में बैठाकर तालाब के पास ले गया। दोनों शराब पी रहे थे, तभी आकाश ने मुकेश को अपने दिल की बात बताई। इससे दोनों के बीच विवाद हुआ। कुछ देर बहस के बाद दोनों शांत हो गए। मुकेश ने बोला कि वह टॉयलेट जा रहा है। उसके बाद बात करेगा। आकाश के मन में कुछ और ही चल रहा था। मुकेश शौच करने बैठा था तभी उसने पत्थर से सिर पर वार कर दिया। इससे मुकेश की मौत हो गई और वह फरार हो गया। सब इंस्पेक्टर चेतन दुबे के साथ आशीष राजपूत, वीरेंद्र बहादुर सिंह और भरत ठाकुर लगातार आकाश की जानकारी जुटा रहे थे। आखिरकार उसके मूल निवास गोंदिया पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने पकड़ लिया।