Begin typing your search above and press return to search.

Loksabha Chunav 2024: CG विधानसभा चुनाव के हिसाब से 3 लोकसभा सीट जीत रही है कांग्रेस: 2019 में जीती हुई कोरबा और बस्‍तर नहीं है इसमें शामिल..

Loksabha Chunav 2024: छत्‍तीसगढ़ में 2 महीने पहले (नवंबर- दिसंबर 2023) विधानसभा के चुनाव हुए हैं। इसमें 90 में से भाजपा 54 सीटों पर जीती है। कांग्रेस 34 और गोंगंपा एक सीट जीतने में सफल रही है। महीनेभर बाद लोकसभा चुनाव होना है। विधानसभा चुनाव वाला ही प्रदर्शन कायम रहता है तो किसी कितनी सीट मिलेगी, पढें एनपीजी की यह रिपोर्ट।

Loksabha Chunav 2024: CG विधानसभा चुनाव के हिसाब से 3 लोकसभा सीट जीत रही है कांग्रेस: 2019 में जीती हुई कोरबा और बस्‍तर नहीं है इसमें शामिल..
X
By Sanjeet Kumar

Loksabha Chunav 2024: रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा की 90 और लोकसभा की 11 सीट है। रायपुर और दुर्ग संसदीय क्षेत्र में 9-9 और बाकी 9 संसदीय क्षेत्रों में विधानसभा की 8-8 सीटें शामिल हैं। दो महीने पहले हुए विधानसभा चुनावों में सत्‍तारुढ़ भाजपा का प्रदर्शन बिलासपुर और दुर्ग संभाग को छोड़कर बाकी तीनों संभागों में पार्टी का प्रदर्शन अच्‍छा रहा है। सरगुजा संभाग की सभी 14 विधानसभा सीट भाजपा जीतने में सफल रही है।

अब महीनेभर बाद लोकसभा चुनाव होने जा रहा है। ऐसे में चर्चा इस बात की है कि अगर विधानसभा चुनाव के परिणामों को लोकसभा में तब्‍दील कर दिया जाए तो किस पार्टी को कितनी सीट मिलेगी। तो विधानसभा चुनाव के परिणाम के हिसाब से यदि लोकसभा का आंकलना किया जाए तो कांग्रेस को 2019 की तुलना में फायदा होता दिख रहा है। 2019 में कांग्रेस बस्‍तर और कोरबा सीट जीतने में सफल रही थी। बाकी 9 सीट भाजपा के खाते में गई थी। 2023 के विधानसभा चुनाव के हिसाब से कांग्रेस को इस बार 3 सीटे मिलती दिख रही है, लेकिन इन 3 सीटों में कोरबा और बस्‍तर शामिल नहीं है।

विधानसभा चुनाव के लिहाज से जांजगीर-चांपा संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन शानदार रहा है। इस संसदीय सीट की सभी 8 विधानसभा सीट कांग्रेस जीती है। इन संसदीय क्षेत्र की 8 विधानसभा सीटों पर मिले वोटों में कांग्रेस को भाजपा से डेढ़ लाख से ज्‍यादा वोट मिले हैं। जांजगीर के बाद कांकेर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन अच्‍छा रहा है। इस संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस भाजपा से करीब 82 हजार वोट से आगे है। संसदीय क्षेत्र की 8 में से 5 विधानसभा सीट कांग्रेस और 3 भाजपा के पास है। विधानसभा चुनाव के लिहाज से जिस तीसरे संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस को बढ़त दिख रहा है, वहां महासमुंद है। इस संसदीय क्षेत्र में विधानसभा चुनाव कांग्रेस को भाजपा से करीब 9 हजार ज्‍यादा मत प्राप्‍त हुए हैं। सीटों की संख्‍या के लिहाज से आंकड़ा बराबारी का है। इस संसदीय क्षेत्र में शामिल 8 विधानसभा सीटों में से 4 कांग्रेस और 4 भाजपा के पास है। बता दें कि इन तीनों सीटों पर 2019 में भाजपा ने जीत दर्ज की थी।

लेकिन...चुनाव के साथ बदल जाता है जनता का मिजाज

राजनीतिक विश्‍लेषकों की राय में विधानसभा चुनाव में जनता का मिजाज अलग रहता है और लोकसभा में अलग। ऐसे में विधानसभा चुनाव के परिणामों के आधार पर लोकसभा का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। गौर करने वाली बात यह है कि 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने रिकार्ड 68 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कई संसदीय क्षेत्रों में भाजपा का खाता भी नहीं खुल पाया था, बावजूद इसके अप्रैल-मई 2019 में हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा 9 सीट जीत गई।


Sanjeet Kumar

संजीत कुमार: छत्‍तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्‍कृष्‍ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्‍तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्‍कृत। सांध्‍य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्‍टेट ब्‍यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़‍ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।

Read MoreRead Less

Next Story