Chhattisgarh Politics: Kharge's visit to Janjgir, Chhattisgarh छत्‍तीसगढ़ में ‘हाथी’ के गढ़ में 2 घंटें 20 मिनट दहाड़ेंगे कांग्रेस के दलित नेता खड़गे, जाने कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष के जांजगीर दौरे का समीकरण

Chhattisgarh Politics: Kharges visit to Janjgir, Chhattisgarh छत्‍तीसगढ़ में ‘हाथी’ के गढ़ में 2 घंटें 20 मिनट दहाड़ेंगे कांग्रेस के दलित नेता खड़गे, जाने कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष के जांजगीर दौरे का समीकरण
X
Kharge's visit to Janjgir, Chhattisgarh कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कल रविवार को जांजगीर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने इसे भरोसा के सम्‍मेलन नाम दिया है। यह कांग्रेस की पहली बड़ी जनसभा होगी।
  • रविवार को जांजगीर में भरोसा के सम्‍मलेन को खड़गे करेंगे संबोधित
  • विशेष विमान से छत्‍तीसगढ़ पहुंचें कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष खड़गे
  • रायपुर से हेलीकॉप्‍टर से जाएंगे जांजगीर, जहां करेंगे सभा को संबोधित
  • 4 बजकर 20 मिनट पर दिल्‍ली के लिए उड़ेगा खड़गे का विमान

Kharge's visit to Janjgir, Chhattisgarh रायपुर। कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कल यानी रविवार 13 अगस्‍त को छत्‍तीसगढ़ आ रहे हैं। कांग्रेस के बड़े दलित नेता माने जाने वाले खड़गे का राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष के रुप में छत्‍तीसगढ़ का यह उनका दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वे इसी वर्ष फरवरी में नवा रायपुर में हुए पार्टी के 85वां महाधिवेशन में शामिल होने के लिए आए थे। ऐसे में जांजगीर में रविवार को प्रस्‍तावित कार्यक्रम राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष के रुप में छत्‍तीसगढ़ में उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम होगा। खड़गे विशेष विमान से छत्‍तीसगढ़ आ रहे हैं। यहां वे कुल 4 घंटे 10 मिनट रहेंगे। इसमें करीब दो घंटें का वक्‍त यात्रा में जाएगा, जबकि जांजगीर में लगभग 2 घंटें 20 मिनट रुकेंगे।

राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष खड़गे की आमसभा जांजगीर में कराने के पीछे कांग्रेस की बड़ी रणनीति है। जांजगीर का पूरा क्षेत्र बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का बड़ा गढ़ माना जाता है। अब तक हुए 4 विधानसभा चुनावों में बसपा इसी क्षेत्र में चुनाव जीती है। माना जाता है कि इस क्षेत्र में दलित वोटरों का काफी दबदबा है। यही वजह है कि कांग्रेस अपने सबसे बड़े दलित चेहरे को हाथी यानी बसपा के इस गढ़ में उतार रही है। इसके जरिये पार्टी भाजपा के प्रभाव वाले बिलासपुर जिला को भी प्रभावित कर सकती है।

Kharge's visit to Janjgir, Chhattisgarh जाने क्‍या है- छत्‍तीसगढ़ में खड़गे का मिनट टू मिनट कार्यक्रम

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्‍यक्ष खड़गे का विशेष विमान दिल्‍ली एयरपोर्ट से सुबह साढ़े 10 बजे उड़ान भरेगा और 12 बजकर 10 मिनट पर रायपुर स्थित स्‍वामी विवेकानंद अंतरराष्‍ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेगा।

यहां से 12 बजकर 10 मिनट पर खड़गे हेलीकॉप्‍टर से जांजगीर के लिए रवाना होंगे। हेलीकॉप्‍टर दोपहर 1 बजे खोखरा भाटा स्थित पुलिस लाइन में लैंड करेगा। वहां से सीधे कार्यक्रम स्‍थल पर चले जाएंगे।

दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर उनका हेलीकॉप्‍टर रायपुर के लिए उड़ान भरेगा और 4 बजे यहां पहुंचेगा। यहां से खड़गे अपने विशेष विमान में सवार होंगे जो 4 बजकर 20 मिनट पर दिल्‍ली के लिए उड़ जाएगा।

जानिए जांजगीर को क्‍यों माना जाता है बसपा का गढ़

छत्‍तीसगढ़ में अब तक हुए चुनावों में ज्‍यादातर सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला रहता है, लेकिन जांजगीर जिला की अधिकांश सीटों पर बसपा की वजह से मुकाबला त्रिकोणी हो जाता है। कांग्रेस और भाजपा के बाद बसपा ही एक मात्र राष्‍ट्रीय पार्टी है जिसके विधायक राज्‍य विधानसभा में पहुंचते हैं। राज्‍य बनने के बाद 2003में हुए विधानसभा चुनाव में बसपा ने दो सीटों सारंगढ़ और मालखरोदा में जीत दर्ज की। 2008 के चुनाव में पार्टी ने अकलतरा और पामगढ़ सीट जीता। 2013 में बसपा एक मात्र जैजैपुर सीट पर ही जीत पाई। 2018 में पार्टी ने जैजैपुर के साथ पामगढ़ सीट पर जीत दर्ज किया। इन चार चुनावों में बसपा ने जीन सीटों पर जीत दर्ज किया है वो सभी जांजगीर जिला में हैं। इनमें एक जैजैपुर को छोड़कर बाकी सभी एससी आरक्षित सीटे हैं।

चार चुनावों में बसपा का प्रदर्शन

वर्ष

लड़े

जीते

कुल वोट

वोट प्रतिशत

2003

54

02

429334

4.45

2008

90

02

656210

6.11

2013

90

01

558424

4.27

2018

35

02

552313

3.9

जानिए क्‍या है Bharosa Ke Sammelan

प्रदेश सरकार का भरोसा के सम्‍मेलन (Bharosa Ke Sammelan) सरकार के चार वर्ष पूरे होने के बाद से लगातार चल रहा है। इन सम्‍मेलनों के जरिये मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल जनता को विभिन्‍न योजनाओं और विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही सीधा संवाद भी कर रहे हैं। आयोजन के दौरान सरकार के काम और उपलब्धियां भी स्‍टाल और प्रदशर्नी के जरिये जनता को बताया जा रहा है।

Bharosa Ke Sammelan: यह है सरकार के भरोसा का कार्यक्रम

धान के समर्थन मूल्‍य में वृध्दि, कृषि ऋण माफी, रूरल इंडस्ट्रियल पार्क, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, सी-मार्ट, सुराजी गांव योजना, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य सहायता योजना, राजीव मितान क्‍लब, बेरोजगारी भत्ता, बिजली बिल हॉफ, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक, मनरेगा सहित शासन की विभिन्न फ्लैगशिप योजना।

Bharosa Ke Sammelan: डेढ़ साल पहले आए थे राहुल गांधी

प्रदेश में लंबे अर्से से कांग्रेस के किसी बड़े नेता का कार्यक्रम नहीं हुआ है। इस वर्ष फरवरी में राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई थी। इसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा सहित पार्टी के सभी बड़े नेता आए थे, लेकिन यह सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं था। फरवरी 2022 में राहुल गांधी का रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में एक कार्यक्रम हुआ था। सरकार का यह बड़ा आयोजन था। इस दौरान राहुल गांधी ने राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्‍याय योजना और राजीव मितान क्‍लब का शुभारंभ किया था। इसी कार्यक्रम में सेवाग्राम और अमर जवान ज्‍योति निर्माण के लिए भूमिपूजन भी हुआ था।

Tags

Next Story