राजधानी में फिर पीलिया: जागृतिनगर और त्रिमूर्तिनगर में घर-घर की जांच, पीलिया और टायफाइड के मरीज मिले; 5 महिलाएं एनीमिया पीड़ित
नगर निगम की टीमों ने घर-घर जाकर जांच शुरू की। एमएमयू वाहन लगाकर भी जांच की जा रही है।

रायपुर, 31 मई 2022। राजधानी रायपुर में एक बार फिर पीलिया का प्रकोप दिखाई दे रहा है। नगर निगम द्वारा घर-घर की जा रही जांच में जागृतिनगर और त्रिमूर्तिनगर में पीलिया और टायफाइड के दो-दो मरीज मिले हैं। इसके बाद पाइपलाइन बदल दी गई है। साथ ही, लोगों को सावधानी बरतते हुए पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है।
पीलिया की शिकायत के बाद मेयर एजाज ढेबर और कमिश्नर प्रभात मलिक ने घर-घर जाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य और जल विभाग की टीमें घर-घर जाकर मरीजों के साथ की भी जांच कर रही है। इसी जांच में जागृति नगर और त्रिमूर्तिनगर में पीलिया के मरीज मिले। इनमें से एक को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
नगर निगम की सहायक स्वास्थ्य अधिकारी तृप्ति पाणिग्रही ने बताया कि नगर निगम द्वारा जिस पानी की आपूर्ति की जा रही है, वह मानक के अनुरूप है। घनी बस्ती होने के कारण पिछले दो दिनों से बस्तियों में एमएमयू वाहन लगाकर पीलिया के साथ ही अन्य बीमारियों की भी जांच की जा रही है। बस्तियों में एनीमिया की शिकायत के मद्देनजर भी जांच कराई जा रही है। एनीमिया से पांच महिलाएं और लड़कियां पीड़ित पाई गईं हैं, जिन्हें हीमोग्लोबिन की दवा दी गई।
