Begin typing your search above and press return to search.

प्रमोशन में पीछे आईपीएस: एडीजी विवेकानंद 3 माह से आईजी के चार्ज में, तीन रेंज में प्रभारी आईजी, 10 महीने से इंतजार कर रहे 5 डीआईजी

प्रमोशन में पीछे आईपीएस: एडीजी विवेकानंद 3 माह से आईजी के चार्ज में, तीन रेंज में प्रभारी आईजी, 10 महीने से इंतजार कर रहे 5 डीआईजी
X
By NPG News

रायपुर, 20 अक्टूबर 2021। छत्तीसगढ़ में आईपीएस ऐसी बिरादरी है, जिसे प्रमोशन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। इसके विपरीत आईएएस समय पर और कभी-कभी समय से पहले प्रमोशन पा जाते हैं। फिलहाल राज्य के दर्जनभर आईपीएस दस महीने से प्रमोशन का इंतजार कर रहे हैं। इनमें 2003 बैच के पांच आईपीएस हैं, जिन्हें आईजी बनना है, जबकि 2007 बैच के 6 आईपीएस एसएसपी बनेंगे। तीन महीने पहले जब विवेकानंद सिन्हा एडीजी बने तो सभी को उम्मीद जगी कि जल्द ही प्रमोशन मिल जाएगा, लेकिन आगे कोई कार्यवाही नहीं हुई। हालांकि तीन महीने से विवेकानंद दुर्ग रेंज की ही जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। गृह विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कोरोना की वजह से कुछ देरी हुई है। हालांकि प्रमोशन का इंतजार कर रहे अफसरों का कहना है कि अब परिस्थितियां सामान्य हो गई हैं। मंत्रालय, एचओडी से लेकर पुलिस मुख्यालय में भी फुल स्ट्रेंथ के साथ काम शुरू हो गया है, इसलिए प्रमोशन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहिए। फिलहाल छत्तीसगढ़ में सिर्फ दो ही आईजी हैं। इनमें एक दीपांशु काबरा और दूसरे डॉ. आनंद छाबड़ा हैं।

दुर्ग में एडीजी, रायपुर में आईजी, तीन रेंज में प्रभारी

प्रमोशन में देरी की वजह से ऐसी स्थिति बन गई है कि रायपुर को छोड़ देें तो दुर्ग में एडीजी हैं और बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा में डीआईजी को बैठाया गया है। डॉ. आनंद छाबड़ा रायपुर आईजी हैं। 2003 बैच के सुंदरराज पी. बस्तर में और रतनलाल डांगी बिलासपुर आईजी के प्रभार में हैं। हालांकि इन्हें आईजी के रूप में अब तक प्रमोशन मिल जाना था। उनके बैच के ओपी पाल, एससी द्विवेदी और आरपी साय का प्रमोशन होना है। सरगुजा में 2004 बैच के अजय यादव प्रभारी आईजी हैं। 2007 बैच के रामगोपाल गर्ग, जितेंद्र सिंह मीणा, दीपक झा, अभिषेक शांडिल्य, डीके गर्ग और बालाजी राव सोमावार का एसएसपी के पद पर प्रमोशन होना है। इनमें रामगोपाल सेंट्रल डेपुटेशन पर हैं।

2007 बेच के आईपीएस अब तक एसएसपी ही रह गए हैं, जबकि 10 माह पहले जनवरी में ही इन्हें डीआईजी बन जाना था। पिछले वर्ष भी जनवरी 2020 में होने वाला इनका प्रमोशन 9 माह लेट से हुआ था और सितंबर में यह एसएसपी बन पाए थे।इसी तरह इस वर्ष जनवरी में 2008 बेच के 4 आईपीएस को एसएसपी रैंक मिल जानी थी,पर 10 माह बीत जाने पर भी ये अब तक एसएसपी नही बन पाए हैं।2008 बेच के प्रदेश में 4 आईपीएस ऑफिसर हैं जिनमे दो पुरूष प्रशान्त अग्रवाल,डी श्रवण तो वही दो महिला पारुल माथुर व नीतू कमल हैं। जिनमे प्रशान्त रायपुर, डी श्रवण राजनांदगांव तो वही पारुल गरियाबंद की एसपी हैं। नीतू कमल सेंट्रल डेपुटेशन पर दिल्ली सीबीआई में एसपी के पद पर पदस्थ हैं। विदित हो किआईपीएस में 13 साल की सेवा पूरी करने पर एसएसपी व 14 साल की सेवा पूरी करने पर डीआईजी प्रमोशन मिलता हैं।

Next Story