राजधानी में अवैध पिस्टल: पुलिस का दावा- बिहार से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने लेकर आया था आरोपी, दो कारतूस भी मिले
रिंग रोड-2 पर सरोरा चौक के पास क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया, कौन सी वारदात की प्लानिंग थी यह खुलासा नहीं

रायपुर, 26 अप्रैल 2022। राजधानी पुलिस ने मूलतः बिहार के एक युवक को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी से दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने ही यह दावा किया है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से बिहार से खरीद कर लाया था। हालांकि पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि आरोपी कौन सी बड़ी वारदात करने की फिराक में था। हालांकि इस बात को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं कि पहले भी कई बार पुलिस ने पिस्टल और कट्टा बरामद किया है, लेकिन कोई सरगना पकड़ा नहीं गया।
पुलिस की कहानी के मुताबिक सोमवार को मुखबिर से यह खबर मिली कि रिंग रोड-2 पर सरोरा चौक के पास एक व्यक्ति पिस्टल रखा हुआ है। पुलिस मुखबिर के बताए पते पर पहुंची और जैसा हुलिया बताया गया था, उसके आधार पर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका नाम वरुण मंडल है। वरुण मूलतः बिहार का रहने वाला है और फिलहाल गुढ़ियारी में रहता था। पुलिस ने पिस्टल, दो कारतूस और मैगजीन बरामद किया। उसके पास कोई दस्तावेज नहीं थे। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अवैध तरीके से बिहार से पिस्टल खरीदकर लाया है।
