GST असिस्टेंट कमिश्नर के घर चोरी VIDEO: इस शहर में चोरों का आतंक, असिस्टेंट कमिश्नर के घर से नगदी सहित लाखों का माल पार...सीसीटीवी में वारदात कैद....

बिलासपुर 18 मई 2022। बिलासपुर में चोरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब सीसीटीवी कैमरा लगे होने के बाद भी चोरी करने से परहेज नहीं कर रहे है। लगातार हो रही चोरी की वारदात ने बिलासपुर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। आलम यह हैं कि अब न्यायधानी में बड़े बड़े अधिकारियों के घर भी महफूज नहीं है।
दरसअल ये पूरा मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र में स्थित स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर भूपेंद्र जांगड़े के घर हुई चोरी का है। कमिश्नर का घर रामावैली कॉलोनी में है। 13 मैं को भूपेंद्र जांगड़े अपने पूरे परिवार के साथ पैतृक गांव जांजगीर चांपा छुहीपाली गए हुए थे। 16 की दोपहर जब वो वापस अपने घर रामावैली लौटे तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर की अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। साथ मे कमरे और अलमारी का सारा सामान भिखरा हुआ था। अलमारी में रखे बैग से सोने की चैन, चांदी का पायल और 15 हजार नगदी गायब थे। इस घटना के बाद इसकी शिकायत भूपेंद्र ने चकरभाठा थाने में दर्ज कराई। पुलिस की जांच में घर मे लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर दिखाई दे रहा हैं, इस आधार पर पुलिस ने धारा 380, 457 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
बता दें , चकरभाठा थाना के रिहायशी कॉलोनी रामावैली में पिछले कुछ महीनों से लगातार चोरी की वारदातें हो रही है। कॉलोनी में 24 घंटे गार्ड और सीसीटीवी कैमरा होने के बाद भी चोर यहां पर वारदात करने से पीछे नहीं हट रहे है।
