जीएसटी कर्मचारी ने की 15 लाख की ठगी: अपने विभाग में नौकरी लगाने का लालच देकर पांच लोगों को लगाया चूना... फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर हुआ फरार

बिलासपुर 19 नवम्बर 2021। जीएसटी डिपार्टमेंट के कर्मचारी ने अपने विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर आधा दर्जन युवाओं से लाखों रूपये ठगी कर ली है। आरोपी युवक विभाग का फर्जी नियुक्ति पत्र देकर युवकों को धूर्त बनाया करता था। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं पर मामला दर्ज कर आगे की जाँच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, राम मंदिर कोटा पड़ावपारा निवासी आरोपी विवेक शुक्ला जीएसटी डिपार्टमेंट में कार्यरत है। वर्तमान में विवेक शुक्ला की पोस्टिंग जीएसटी कार्यालय बिलासपुर संभाग क्रमांक 1 में है। थाने में दी शिकायत में पीड़ितों ने बताया कि, आरोपी विवेक शुक्ला ने खुद को बड़े अधिकारियों से जान पहचान बताकर सभी को जीएसटी विभाग में नौकरी लगाने की बात कही थी, जिसके बाद उसके द्वारा रुपयों की मांग भी की गई थी। सरकारी नौकरी के लालच में पीड़ित हरिशंकर प्रसाद, आकाश गुप्ता, शुभम तिवारी, अनिल कुमार और मिनाक्षी तिवारी ने अलग अलग किस्तों में लगभग 15 लाख रुपये आरोपी को दिए। रुपये लेकर आरोपी ने सभी को नियुक्ति पत्र भी दिया।
नियुक्ति पत्र को लेकर जब सभी जीएसटी कार्यालय ज्वाइनिंग के लिए पहुंचे तो पता चला कि, विभाग में ऐसी कोई भी नियुक्ति नहीं निकली है और उनके पास जो नियुक्ति पत्र है वो भी फर्जी है। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पीड़ितों ने आरोपी विवेक शुक्ला से संपर्क किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा, जिसके बाद खुद को ठगा महसूस कर सभी ने इसकी शिकायत कोटा थाने में दर्ज कराई। पीड़ितों को शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा420,467,468,471 के तहत एफआईआर दर्ज कर जाँच में जुट गई है।
