गिरफ्तार आईएएस के इकलौते बेटे ने खुद को मारी गोली, परिजनों ने विजिलेंस पर लगाया हत्या का आरोप

चंडीगढ़ 25 जून 2022। भ्रष्टाचार के आरोप चार दिन पूर्व गिरफ्तार 2008 कैडर के आईएएस के पुत्र ने खुद को गोली मार ली। युवक आईएएस संजय पोपली का इकलौता बेटा था,जो न्यायिक सेवा की तैयारी कर रहा था। उसे डॉक्टरों ने अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। वही परिजनों ने एसआईटी पर युवक की हत्या का आरोप लगाया है।
पंजाब कैडर के 2008 बैच के आईएएस संजय पोपली वर्तमान में पेंशन डायरेक्ट के पद पर पदस्थ है। कांग्रेस सरकार के समय वे सीवरेज परियोजना में एमडी के पद पर पदस्थ थे। उसी दौरान के एक 7 करोड़ के एक ठेके का बिल पास करने के एवज में 1प्रतिशत कमीशन माँगने का आरोप लगा करनाल के एक ठेकेदार ने विजिलेंस को शिकायत की थी। जिसके बाद संजय पोपली की गिरफ्तारी चंडीगढ़ से व उनके सहयोगी अधीक्षण अभियंता संजीव वत्स की भी गिरफ्तारी की गई थी। विजिलेंस ने पोपली को पूछताछ के लिये चार दिनों की रिमांड पर लिया था। आज उनकी रिमांड खत्म हो रही थी और उन्हें मोहाली कोर्ट में पेश किया जाना था।
कोर्ट में पेश करने से पहले पोपली को लेकर विजिलेंस की टीम आज जांच व कुछ रिकवरी के लिए उनके चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित उनकी कोठी नम्बर 520 में लेकर पहुँची थी। इसके बाद उन्हें मोहाली कोर्ट में पेश किया जाना था। इस दौरान उनके 26 वर्षीय पुत्र कार्तिक पोपली ने खुद को शूट कर लिया। कार्तिक ने रिवाल्वर से खुद की कनपट्टी पर गोली मार ली। उसे तत्काल इलाज के लिए गम्भीर हालत में पीजीआई के एडवांस ट्रामा सेंटर में ले जाया गया पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। चंडीगढ़ के एसएसपी कुलदीप चहल ने आईएएस के पुत्र कार्तिक के द्वारा खुद को गोली मारने की पुष्टि की गई।
वही कार्तिक की माँ व घरवालो ने आरोप लगाया है कि विजिलेंस टीम ने ही उनके बेटे को गोली मारी है। बताया जाता है कि विजिलेंस की जांच व पूछताछ से कार्तिक मानसिक रूप से परेशान था। घर वालो के अनुसार आज जब विजिलेंस की टीम पहुँची तो ऊपर के कमरे में कार्तिक व विजिलेंस की टीम के बीच बहस भी हूई। हल्ला सुन कर कार्तिक की माँ ऊपर गयी तब उनके अनुसार विजिलेंस वालो ने उनके बेटे कार्तिक पर रिवाल्वर तान रखी थी। विजिलेंस की टीम ने उन्हें नीचे भेज दिया। इस दौरान संजय पोपली को भी नीचे ही रखा गया था तभी गोली चलने की आवाज आई फिर पता चला कि गोली कार्तिक को ही लगी है। परिजनों ने आरोप लगाया कि विजिलेंस ने उनके साथ मारपीट भी की है और वे जबर्दस्ती कार्तिक व संजय पोपली पर रिकवरी करवाने व कबूलनामे पर साइन करने का दबाव बना रहे थे। परिजनों के मुताबिक हमारे साथ मारपीट का सबूत भी था जिसे विजिलेंस ने नष्ट कर दिया है। वही कार्तिक की माँ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान झूठी वाहवाही के लिए छोटे मामलों को बड़ा बना कर पेश कर रहे हैं। विजिलेंस के ऊपर केश बनाने का दबाव था इसलिए विजिलेंस ने केश बनाया। कार्तिक की माँ ने आरोपियो को कोर्ट के माध्यम से सजा दिलवाने की बात कही है।
बताया जाता है कि 26 वर्षीय कार्तिक अपने माँ बाप का इकलौता बेटा था। वह वकालत पढ़ने के बाद न्यायिक सेवा की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि विजिलेंस की पूछताछ से वह दबाव में था। एसएसपी कुलदीप चहल ने खुद के लाइसेंसी रिवाल्वर से कार्तिक द्वारा आत्महत्या करने की बात कही है। इस मामले में पोपली के पारिवारिक मित्र व एडवोकेट मतविंद्र सिंह ने कहा कि पोपली को मोहाली कोर्ट में पेश किया जाना था लिहाजा वे वही थे तभी पोपली का फोन आया कि उनके बेटे को विजिलेंस ने गोली मार दी है।
चार दिनों पहले संजय पोपली की गिरफ्तारी हुई थी और दो दिन पहले विजिलेंस ने उनके चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित इसी घर की तलाशी ली थी। वहां से 73 कारतूस मिले। इनमें 7.65MM के 41, .32 बोर के 2 और .22 बोर के 30 कारतूस भी शामिल हैं। जिस वजह से पोपली पर आर्म्स एक्ट का केस विजिलेंस ने सेक्टर 11 थाने दर्ज करवाया था।
