
जयपुर। राजस्थान में गैंगस्टर राजू ठेहट को गोली मार कर हत्या कर दी। राजू ठेहट ही राजस्थान का सबसे बड़ा गैंगस्टर था। उस पर और उसकी गैंग पर सीकर समेत कई जिलों में दर्जनों केस दर्ज हैं। कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूटा था और बताया जा रहा है कि आज सवेरे उसे गोली मार दी गई। सीकर के सदर थाना इलाकेे में स्थित पीपराली कस्बे में उसे गोली मारी गई है। लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। रोहित गोदारा ने अपनी पोस्ट में इस बात का जिक्र किया है कि राजू ठेहठ ने गैंगस्टर आनंदपाल और बलवीर बानूड़ा की हत्या की थी, जिसके चलते बदला लेने के लिए आज उसकी हत्या की गई है।
बताया जा रहा है कि आज सुबह सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में एक कोचिंग इंस्टिट्यूट के पास होस्टल के गेट पर राजू ठेहठ को चार हमलावरों ने गोलियों से भून कर मार डाला। इस दौरान हॉस्टल में अपने बच्चे से मिलने आया एक अन्य व्यक्ति भी बदमाशों की गोलियों का शिकार हो गया और उसकी भी मौत हो गई। वारदात के बाद से पूरे शहर में सनसनी मची हुई है और पुलिस ने पूरे शहर में ए श्रेणी की नाकाबंदी करवाई है।
सीकर के एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने कहा कि राजू ठेहट की हत्या कर दी गई। सीसीटीवी के आधार पर हत्याकांड में चार युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है। सीसीटीवी में दिख रहा है कि एक युवक राजू से बातचीत भी कर रहा है। ऐसा लग रहा है कि दोनों में जान-पहचान थी। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है। वहीं रोहित गोदारा के हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने पर एसपी ने कहा कि इसकी जांच करवाई जा रही है।
राजू ठेहट का अपराध की दुनिया में नाम गैंगस्टर आनंदपाल सिंह से पहले से ही फैला हुआ था। आनंदपाल सिंह की मौत के बाद भी राजू ठेहट की दबंगई कम नहीं हुई। अपराध के दुनिया में ठेहट ने 1995 के दौर में एंट्री की थी।
राजस्थान में गैंगस्टर्स आनंदपाल सिंह और राजू ठेहट में करीब दो दशक वर्चस्व की लड़ाई चली थी। आनंदपाल के एनकाउंटर के बाद राजू ठेहट का वर्चस्व हो गया।जेल में बंद होने के दौरान भी उसके फिरौती मांगकर संरक्षण देने के कई मामले सामने आए थे। राजू ठेहट गैंग परिवार से लोग गैंगस्टर के साथ जुड़ रहे हैं।
गैंगस्टर राजू ठेहट ने अपना वर्चस्व तो बना लिया। लोगों में सक्रिय रहने के लिए वह रील बनाकर सोशल मीडिया पर भी डालता रहता था। महंगी कार और बाइक का शौकीन राजू ठेहट जयपुर स्थित अपने ठिकाने पर कई बार घूमता नजर आ जाता था। कभी अकेले बाइक राइडिंग तो कभी नई लग्जरी कार राइड करते हुए भी ठेहट अक्सर वीडियो बनाकर सोशल मीडियो पर शेयर करता था। अपने गनमैन और कारों के काफिले के साथ भी वह रील्स बनाता था।
