केंद्रीय मंत्री और बेटे के खिलाफ FIR दर्ज...सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर से जुड़ा है मामला, जानिए

मुंबई 27 फरवरी 2022. बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे और उनके बेटे व बीजेपी विधायक नितेश राणे दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। महिला आयोग द्वारा रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद मालवणी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने को कहा गया है।
महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने इस मामले में बयान देते हुए कहा कि ऑटोप्सी रिपोर्ट के अनुसार, दिशा के साथ दुष्कर्म नहीं किया गया था और वह गर्भवती भी नहीं थी। चाकणकर ने कहा कि दिशा सलियन के माता-पिता को केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, विधायक नितेश राणे और इस संबंध में दिशा की मौत के बारे में झूठी और मानहानिकारक जानकारी देने के लिए सभी संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
चाकणकर ने ट्विटर के माध्यम से अपील करते हुए कहा कि सालियान की मौत के मामले में सोशल मीडिया पर बनाए गए लाखों फर्जी खातों को बंद किया जाना चाहिए और उसके बारे में गलत जानकारी को तुरंत हटाया जाना चाहिए। रूपाली चाकणकर ने एक और मांग करते हुए कहा कि दिशा के माता-पिता को सुरक्षा प्रदान की जाए क्योंकि उनकी जान को खतरा है।
