हरियाणा में बाड़ेबंदी बेकार: कांग्रेस का एक वोट रद्द होने से पलटी बाजी, माकन हारे-कार्तिकेय जीते; देर रात हुआ फैसला

NPG डेस्क, 11 जून 2022। हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। कांग्रेस का एक वोट रद्द होने के बाद भाजपा के वोट निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा के वोट में जुड़ गए। इस तरह कार्तिकेय की जीत हुई और अजय माकन हार गए। इससे पहले भाजपा के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवार कार्तिकेय ने दो वोट रद्द करने के लिए चुनाव आयोग से मांग की थी। आयोग ने देर रात सुनवाई की और वोटों की गिनती के निर्देश दिए। इसमें भाजपा के कृष्ण लाल पंवार और निर्दलीय कार्तिकेय जीते।
बता दें कि हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार की मौजूदगी ने ही कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी थी। आनन फानन में विधायकों को चंडीगढ़ से रायपुर रवाना कर दिया गया था। हालांकि, हरियाणा में कांग्रेस के 31 विधायक हैं, लेकिन 28 ही रायपुर पहुंचे थे। इसी समय ही कांग्रेस में अंदरूनी लड़ाई स्पष्ट हो गई।
कांग्रेस आलाकमान ने क्राइसिस मैनेजमेंट के लिए छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और छत्तीसगढ़ से निर्विरोध राज्यसभा के सदस्य चुने गए राजीव शुक्ला को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। रायपुर में मॉक ड्रिल कराया गया था, लेकिन ऐन मौके पर कांग्रेस विधायक द्वारा अपना वोट दूसरी पार्टी के एजेंट को दिखाने की घटना ने पूरा खेल बदल दिया। कांग्रेस को 30 वोटों की जरूरत था। भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार की मांग पर चुनाव आयोग ने एक वोट रद्द कर दिया। वहीं, दूसरी ओर से भी एक वोट रद्द हुआ। इस तरह माकन और शर्मा को 29-29 वोट मिले थे। भाजपा के बचे हुए वोट कार्तिकेय के पक्ष में गए। इस तरह उन्हें जीता हुआ घोषित किया गया।
