एक्ज़िट पोल:भाजपा के लिए यूपी में 90 सीटों का नुक़सान..गोवा में फँसा मामला..मणिपुर में वापसी..उत्तराखंड में कांग्रेस जबकि पंजाब में आप

नई दिल्ली,8 मार्च 2022। एक्जिट पोल शत प्रतिशत सही उतरें यह क़तई जरुरी नहीं है, लेकिन यह एक अनुमान देते हैं या कि मतदाता का मूड़ बताते हैं, और यदि यह एक्जिट पोल सही ही उतर जाएँ तो बिलाशक उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्ता में लौट रही है लेकिन 90 सीटों का नुक़सान उठाकर। मणिपुर में भाजपा को स्पष्ट बहुमत है लेकिन गोवा में कमल के खिलने पर संशय है, जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी की बल्ले बल्ले है,और भाजपा यहाँ यदि ईकाइ से दहाई का आँकड़ा पार कर जाती है तो बड़ी बात होगी।उत्तराखंड के रुझान याने एक्जिट पोल में जरुर कांग्रेस के लिए ख़ुशी का सबब मौजुद है।
सुशासन गुंडा राज के खिलाफ लगातार अभियान और तमाम आक्रामक दावों के बीच ध्रुवीकृत करने की क़वायद के साथ उत्तरप्रदेश में भाजपा की सरकार लौटती तो दिख रही है लेकिन पचास से नब्बे सीटों का सीधा नुक़सान भी साफ़ साफ़ दिख रहा है। लेकिन कांग्रेस के लिए यह एक्जिट पोल उत्तर प्रदेश में करारा झटका दे रहे हैं। यहाँ कांग्रेस की वही हालत है जो पंजाब में भाजपा की। कांग्रेस अपना पिछला रिकॉर्ड भी नहीं बचा पा रही है।पंजाब में आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने लायक़ सीटें मिल रही हैं लेकिन दूसरे स्थान को लेकर कांग्रेस और अकाली दल के बीच संघर्ष होता दिख रहा है।पंजाब में भाजपा यदि ईकाइ से दहाई तक पहुँच जाए तो यह ही बड़ी बात होगी। जबकि मणिपुर में भाजपा उत्तर प्रदेश की तरह अपना क़ब्ज़ा बचा ले जा सकती है।
पाँच राज्यों में एक उत्तराखंड का एक्जिट पोल ही ऐसा है जिसे लेकर कांग्रेस बल्ले बल्ले मोड में आ सकती है। भाजपा ने उत्तराखंड को बचाने की भरपूर कोशिश में तीन तीन मुख्यमंत्री बदल दिए लेकिन सत्ता फिसलती दिख रही है।
यहाँ फिर बता दें कि एक्जिट पोल कतई जरुरी नहीं है कि सही ही उतरें, यह केवल और केवल अनुमान है।मतदाता का मानस ईव्हीएम में दर्ज है और दस मार्च के पहले यह भी संभावित है कि सारे अनुमान ध्वस्त हो जाएँ। लेकिन यदि एक्जिट पोल वास्तविक नतीजों के क़रीब निकलते हैं तो पंजाब में आप की सरकार और उत्तर प्रदेश और मणिपुर में भाजपा की सरकार जबकि गोवा में त्रिशंकु और उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार तय है।
