Begin typing your search above and press return to search.

यूथ कांग्रेस में कल से चुनाव उत्सव: आकाश और मोनू में अध्यक्ष के लिए बड़ी जंग, 1600 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में; कई रोचक पर कठिन शर्तों ने बढ़ाई मुश्किलें

12 मई से 12 जून तक चलेगा सदस्यता अभियान, इसी दौरान स्क्रूटनी भी... अध्यक्ष के अलावा बाकी प्रत्याशियों का रिजल्ट 13 जून को ही

यूथ कांग्रेस में कल से चुनाव उत्सव: आकाश और मोनू में अध्यक्ष के लिए बड़ी जंग, 1600 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में; कई रोचक पर कठिन शर्तों ने बढ़ाई मुश्किलें
X

Congress 

By NPG News

रायपुर, 11 मई 2022। छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य पदों के लिए 12 मई से सदस्यता अभियान की शुरुआत होगी। प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष के पदों के लिए 1600 से ज्यादा प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रदेश अध्यक्ष के लिए सबसे बड़ी जंग आकाश शर्मा और आशीष मोनू अवस्थी के बीच बताई जा रही है। अब तक जनसंपर्क और शुरुआती लॉबिंग के बाद यह बात सामने आ रही है कि आकाश रायपुर संभाग में आगे है, जबकि मोनू बिलासपुर और सरगुजा संभाग में बढ़त में है। 12 मई से सदस्यता की शुरुआत होगी। सदस्य बनने के साथ ही वोट भी डाले जाएंगे। यही वजह है कि प्रदेश अध्यक्ष के उम्मीदवार प्रदेश महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष के साथ मिलकर कैम्पेन कर रहे हैं। 12 जून को सदस्यता खत्म होने के बाद सम्भवतः 13 जून को अध्यक्ष के अलावा अन्य प्रत्याशियों के लिए परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इससे यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि प्रदेश अध्यक्ष की रेस में कौन आगे है। हालांकि सबसे ज्यादा वोट पाने वाले प्रथम तीन को एआईसीसी में इंटरव्यू देना होगा। इसमें तय होगा कि किसे प्रदेश अध्यक्ष बनाना है।

सदस्यता के साथ 8 सेकंड का वीडियो भी पोस्ट करेंगे

सदस्यता अभियान में किसी तरह का फर्जीवाड़ा न हो, इसलिए कई शर्तें रखी गई हैं। सबसे अहम शर्त यह है कि सदस्यता के दौरान ही 8 सेकंड का एक वीडियो भी बनाया जाएगा। इस वीडियो में अपने नाम के साथ यह बताना है कि मैं यूथ कांग्रेस का सदस्य हूं। वीडियो की क्वालिटी अच्छी और स्पष्ट होने पर ही सदस्यता मान्य होगी, अन्यथा रद्द हो जाएगी। इसी तरह वोटर आईडी भी स्पष्ट होनी चाहिए। एक मोबाइल से एक बार में दो लोगों को ही सदस्य बनाया जा सकेगा। इसके बाद एप्लिकेशन रिफ्रेश होगा और फिर कुछ देर बाद फिर सदस्यता शुरू होगी। एक व्यक्ति को कई लोग सदस्य बना सकते हैं, लेकिन जिसकी फीस पहले कटेगी वही वैलिड सदस्य होगा। बाकी निरस्त हो जाएंगे। हालांकि पैसे हर बार कटेंगे।

Next Story