एयरपोर्ट पर ड्रोन से अटैक, तीन तेल टैंकरों में धमाका... 2 भारतीयों समेत 3 की मौत...मची अफरा तफरी...

नईदिल्ली 17 जनवरी 2022 दुबई अबू धाबी एयरपोर्ट पर तेल के तीन टैंकरों में ड्रोन की मदद से धमाके किए गए हैं जिसमें अब तक तीन लोगों की मौत की खबर है. इस ब्लास्ट में 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं. मरने वालों में दो भारतीय समेत एक पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल है.
संयुक्त अरब अमीरात के मुख्य एयरपोर्ट पर इससे पहले आग लगने की घटना सामने आई थी. अबू धाबी पुलिस ने घटना को मामूली बताते हुए कहा कि यह आग शहर के एयरपोर्ट के एक एक्टेंशन बोर्ड पर लगी, जो निर्माणाधीन है.
बयान में अबू धाबी की सरकारी तेल कंपनी एडीएनओसी के एक स्टोरेज के पास तीन पेट्रोलियम टैंकरों में विस्फोट की एक अलग घटना की भी जानकारी दी है.
अबू धाबी पुलिस के मुताबिक, इस हमले में 3 लोग मारे गए हैं और 6 घायल हुए हैं. मारे गए लोगों की पहचान कर ली गई है. इनमें दो भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक हैं. घायलों की पहचान अभी नहीं की गई है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है.
यमन के हूती आंदोलन के प्रवक्ता ने कहा है कि समूह ने यूएई में एक मिलिट्री ऑपरेशन शुरू करने जा रहे हैं और आने वाले कुछ ही घंटों में इसकी जानकारी दे दी जाएगी.
यमन के हूती विद्रोहियों ने संयुक्त अरब अमीरात में हमला करने का दावा किया है. यूएई और यमन के बीच 2015 से संघर्ष चल रहा है. यमन में अंतरराष्ट्रीय समर्थन प्राप्त सरकार को सत्ता से बेदखल किये जाने के बाद ईरान समर्थित हूतियों के खिलाफ हमला छेड़ने वाले सऊदी नीत गठबंधन में यूएई अहम सदस्य था.
