Begin typing your search above and press return to search.

डॉक्टर पति पत्नी सहित 6 जिंदा जले: अस्पताल में भीषण आग, खिड़की से बचाने की लगाते रहे गुहार, बाथटब में मिला डॉक्टर का शव...

डॉक्टर पति पत्नी सहित 6 जिंदा जले: अस्पताल में भीषण आग, खिड़की से बचाने की लगाते रहे गुहार, बाथटब में मिला डॉक्टर का शव...
X
By NPG News

एनपीजी डेस्क। झारखंड के धनबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पर एक प्राइवेट अस्पतालके आग लगने से छह लोग जिंदा जल गए। हादसे के वक्त सभी लोग सो रहे थे। घटना की सूचना के बाद रेस्क्यू कर सभी शव को अलग अलग कमरों से निकाल लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक घटना धनबाद के हाजरा क्लिनिक एंड हॉस्पिटल की है। शुक्रवार की रात एक बजे जब सभी सो रहे थे उस दौरान अस्पताल में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है ये आग अस्पताल के स्टोर रूम से शुरू हुई थी। आग इतनी भीषण थी कि अंदर फंसे डॉक्टर खुद को बचाने के लिए अस्पताल की खिड़की से खुद को बचाने की गुहार लगा रहे थे। हादसे के बाद रेस्क्यू टीम ने एक डॉक्टर का शव बाथरूम के टब में पाया है। ऐसा माना जा रहा हैं कि खुद को बचाने के लिए डॉक्टर ने टब के पानी का इस्तेमाल किया होगा और उस दौरान दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली तो 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और अस्पताल के दोनों ओर से कुल 9 लोगों को बचाकर निकाला गया। इन सभी को पास के पाटलिपुत्र नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सूचना है कि अस्पताल प्रबंधक डॉक्टर प्रेमा हाजरा और उनके पति डॉक्टर विकास हाजरा की मौत हो गई है। 6 लोगों के मौत की सूचना है। इनमें हामरु, तारा, सुनील नाम के लोग भी शामिल हैं।

डॉक्टर परिवार समेत क्लिनिक के फर्स्ट फ्लोर पर रहते थे। हादसे में डॉक्टर दंपती, उनकी नौकरानी, डॉक्टर हाजरा के भांजे समेत 6 की दम घुटने से मौत हो गई। सभी शव अलग-अलग कमरों में मिला है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुख जताया और लिखा कि धनबाद स्थित हाजरा मेमोरियल अस्पताल में देर रात लगी आग से प्रसिद्ध डॉक्टर दंपती डॉ विकास और डॉ प्रेमा हाजरा समेत कुल 6 लोगों की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

Next Story