Begin typing your search above and press return to search.

देश में अब तक 118 उप मुख्यमंत्री बने, इनमें कई सीएम बने तो कुछ सीएम बाद में उप मुख्यमंत्री, पढ़ें यह रोचक रिपोर्ट

भारत में उत्तराखंड ऐसा राज्य है, जहां अब तक उप मुख्यमंत्री बनाने की जरूरत नहीं पड़ी. उत्तराखंड के साथ बने छत्तीसगढ़ में पहली बार उप मुख्यमंत्री की नियुक्ति की गई है.

देश में अब तक 118 उप मुख्यमंत्री बने, इनमें कई सीएम बने तो कुछ सीएम बाद में उप मुख्यमंत्री, पढ़ें यह रोचक रिपोर्ट
X
By Manoj Vyas

118 Deputy Chief Ministers in India

एनपीजी दिल्ली ब्यूरो. उप मुख्यमंत्री ऐसा पद है, जिसका संविधान में उल्लेख नहीं है. एक तरह से यह राजनीतिक पद है, जो राजनीतिक समीकरण और संतुलन साधने के लिए किसी नेता को दिया जाता है. भारत में अब तक 118 उप मुख्यमंत्री बनाए जा चुके हैं. हाल ही में छत्तीसगढ़ में टीएस सिंहदेव पहले उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं तो महाराष्ट्र में अजित पवार ने चौथी बार उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है. आइए इस रिपोर्ट में जानें उप मुख्यमंत्रियों का रोचक किस्सा...

पूरे भारत में केवल उत्तराखंड एक ऐसा राज्य है, जहां उसके उदय से लेकर अब तक उप मुख्यमंत्री पद के सृजन की जरूरत आन नहीं पड़ी है. इसी राज्य के साथ जन्म लिए छतीसगढ़ में हाल ही में टीएस सिंहदेव प्रथम उप मुख्यमंत्री बने हैं तो साथ ही जन्मे झारखंड में सुरेश महतो तीन बार उप मुख्यमंत्री बन गए. दो उप मुख्यमंत्री रघुवर दास और हेमंत सोरेन आगे चलकर मुख्यमंत्री भी बन गए.

आज़ादी के बाद से देश के 27 राज्यों में 118 उप मुख्यमंत्री सत्ता संतुलन के लिए बनाए गए हैं. ये उप मुख्यमंत्री जातिगत, क्षेत्रीय, संख्या बल अथवा मुख्यमंत्री के पैरलल शक्ति संतुलन के लिए भी बनाए गए हैं. आंध्रप्रदेश ऐसा राज्य है, जहां अब तक 18 उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं. 2019 से स्वतंत्र राज्य के रूप में अस्तित्व में आने के बाद 5 उप मुख्यमंत्री रखने की अनोखी परंपरा चल रही है. गोवा जैसे छोटे राज्य में राजनैतिक अस्थिरता ने महज 42 साल में 9 उप मुख्यमंत्री दिए हैं. विल्फ्रेड डिसूजा 5 अलग-अलग अवधि में उप मुख्यमंत्री तो बने ही, 3 बार ऐसे ही अलग-अलग कालावधि में मुख्यमंत्री भी बने. विल्फ्रेड डिसूजा मुख्यमंत्री के बाद उप मुख्यमंत्री भी बनते रहे. उनके बाद तमिलनाडु के पनीर सेल्वम भी मुख्यमंत्री बनने के बाद उप मुख्यमंत्री बने. देवेंद्र फडणवीस तीसरे ऐसे मुख्यमंत्री रहे हैं, जो आगे उप मुख्यमंत्री बने.

1947 में देश के आजाद होने के बाद बिहार राज्य में 2 अप्रैल 1948 को डॉ. अनुग्रह लाल सिन्हा देश के पहले उप मुख्यमंत्री बने. उनके बाद 118 उप मुख्यमंत्रियों की फेरहिस्त में सबसे नवीन उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव हैं. यद्यपि महाराष्ट्र में अजित पवार ने चौथी बार पुनः उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दो दिन पहले ली है, लेकिन वे 07 दिसम्बर 2012 से 28 सितम्बर 2014, 23 नवम्बर 2019 से 28 नवम्बर 2019 और 30 दिसम्बर 2019 से 29 जून 2023 की अवधि में उप मुख्यमंत्री रह चुके हैं.

आमतौर पर उप मुख्यमंत्री बने व्यक्ति के मन में ये चाहत जरूर रहती होगी कि वे भी अपने राज्य के राज्यपाल से विधिवत मुख्यमंत्री पद की शपथ लें क्योंकि उप मुख्यमंत्री पद संवैधानिक नहीं है, बल्कि राजनीति के पंडितों ने इसका सृजन शक्ति संतुलन के लिए किया है. 118 उप मुख्यमंत्री में से लगभग 90 फीसदी उप मुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री नहीं बन सके हैं. उनका राजनैतिक सफर इसी पद के साथ खत्म हो गया. 12 राज्य जहां वर्तमान में उप मुख्यमंत्री पद पर कार्य करने वाले जरूर उम्मीद कर सकते हैं. कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी. शिवकुमार पहले उप मुख्यमंत्री होंगे, जिन्हें भविष्य का मुख्यमंत्री घोषित कर दिया गया है कि वे दूसरे ढाई साल के मुख्यमंत्री होंगे. ये बात दबे रूप में मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लिए भी हवा में रही. शायद डी. शिवकुमार ये देख चुके थे, इसलिए खुले तौर पर घोषणा करवा ली.

भारत के 28 राज्यों में से 12 राज्य ऐसे रहे, जहां उप मुख्यमंत्री भविष्य में मुख्यमंत्री बने. आंध्र प्रदेश के नीलम संजीव रेड्डी 1953 में उप मुख्यमंत्री बने. 1956 में मुख्यमंत्री बनने वाले व्यक्ति थे कर्नाटक में सर्वाधिक 4 उप मुख्यमंत्री एम. कृष्णा, जे एच पटेल, सिद्धारमैया और येद्दियुरप्पा मुख्यमंत्री बने. चिमनभाई पटेल और केशुभाई पटेल (गुजरात), ज्योति बसु, बुद्धदेव भट्टाचार्य (प. बंगाल), नीलमणि राउतराय, हेमचंद्र बिस्वाल (उड़ीसा), स्टालिन और पनीर सेल्वम (तमिलनाडु), रघुवर दास, हेमंत सोरेन (झारखंड), कमलापति त्रिपाठी (उत्तर प्रदेश), कर्पूरी ठाकुर (बिहार), वीरेंद्र कुमार सखलेचा (मध्यप्रदेश), मो कोया (केरल), विल्फ्रेड डिसूजा (गोवा), नीलम संजीव रेड्डी (आंध्र प्रदेश) के हिस्से में मुख्यमंत्री बनना आया.

देश में गोवा के विल्फ्रेड डिसूजा 5 बार उप मुख्यमंत्री बने. उनके बाद अजित पवार का नाम आता है, जो चौथी बार उप मुख्यमंत्री बने हैं. महाराष्ट्र के छगन भुजबल तीन बार उप मुख्यमंत्री बनाये गए हैं. सुशील मोदी, तेजस्वी यादव (बिहार), नीलम संजीव रेड्डी, एबी शेख बयारी (आंध्र प्रदेश), जी. परमेश्वर (कर्नाटक), सुरेश महतो (झारखंड) दो-दो बार उप मुख्यमंत्री बन चुके हैं. मध्यप्रदेश में प्यारेलाल कंवर और सुभाष यादव भी उप मुख्यमंत्री रहे.

राज्यों में वर्तमान उप मुख्यमंत्री

आंध्रप्रदेश

अमजथ बाशा शेख बेपारी

बुदि मुत्याला नायडु

के. नारायण स्वामी

कोट्‌टू सत्यनारायण

राजन्ना डोरा पीडिका

अरुणाचल प्रदेश

चौना में

बिहार

तेजस्वी यादव

छत्तीसगढ़

टीएस सिंहदेव

हरियाणा

दुष्यंत चौटाला

हिमाचल प्रदेश

मुकेश अग्निहोत्री

कर्नाटक

डीके शिवकुमार

महाराष्ट्र

देवेंद्र फड़नवीस

अजित पवार

मेघालय

प्रेस्टोन टिनसोंग

स्रियावभालंग धार

मिजोरम

तावंलुइया

नागालैंड

यानथुंगो पैटन

टीआर जेलियांग

उत्तरप्रदेश

केशव प्रसाद मौर्य

ब्रजेश पाठक

Manoj Vyas

मनोज व्यास : छत्तीसगढ़ में 18 साल से पत्रकारिता में सक्रिय, सभी प्रमुख संस्थाओं में दी सेवाएं, इसी दौरान हरिभूमि समाचार पत्र से जुड़े। इसके बाद दैनिक भास्कर में सिटी रिपोर्टर के रूप में जॉइन किया। नौकरी के साथ-साथ गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से एमएमसीजे की पढ़ाई पूरी की। न्यायधानी के बाद राजधानी का रुख किया। यहां फिर हरिभूमि से शुरुआत की और नेशनल लुक, पत्रिका, नवभारत, फिर दैनिक भास्कर होते हुए भविष्य की पत्रकारिता का हिस्सा बनने के लिए NPG.News में बतौर न्यूज एडिटर जॉइन किया। इस बीच नवभारत के भुवनेश्वर, ओडिशा एडिशन में एडिटोरियल इंचार्ज के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Read MoreRead Less

Next Story