तीन पुलिसकर्मियों की मौत: पुलिस जिप्सी पर ट्रक पलटा,, तीन जवानों की मौके पर ही मौत, SI और ड्राइवर गंभीर

पटना 4 जनवरी 2022. मंगलवार की सुबह राजधानी पटना के न्यू बाइपास अनिसाबाद बेऊर मोड़ के पास गश्त कर रही पुलिस पेट्रोलिंग गर्दनीबाग थाना की जिप्सी पर बेलगाम रफ्तार से आ रहे गिट्टी लदा हाईवा पलट गया. यह भीषण दुर्घटना घने कोहरे में सड़क के टर्निंग पॉइंट के पास हुई. जिसमें हाईवा जिप्सी पर पलटने के साथ ही पुलिस जिप्सी में आग लग गई. दुर्घटना इतना भयावह तरीके से हुआ कि किसी को कुछ समझने का मौका नहीं मिला.
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार हाइवा ने पुलिस की जिप्सी को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद वह जीप पर पलट गया। हाइवा की चपेट में आने से जिप्सी में सवार पांच पुलिसकर्मी उसमें दब गए। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस की जिप्सी में आग भी लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल वाहनों ने आग बुझाई।
बताया गया है कि जिप्सी पटना के गर्दनीबाग पुलिस थाने की थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन के नीचे फंसे जवानों को निकाला। गंभीर हालत में दो जवानों को अस्पताल ले जाया गया। तीन पुलिसकर्मियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।
बेवर थाना के प्रशिक्षु डीएसपी प्रांजल त्रिपाठी के मुताबिक एक एसआई सिया चरण पासवान और दो अन्य पुलिसकर्मियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें पुखराज और प्रभु बताया जा रहा है इन में किस की मौत हुई है और कौन घायल है यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया.
