शिक्षक सहित दोनों बेटों की मौत: अंधेरे में दर्दनाक हादसा, कार कुएं में गिरने से पिता व दो मासूम बच्चों की मौत...

सागर 29 अप्रैल 2022। शहर के मोतीनगर थाना इलाके में रिवर्स करते समय कार के कुएं में गिरने से शिक्षक और उनके दो बेटों की मौत हो गई। वह कार से बच्चों को घुमाकर घर लौटे थे और पार्क करने के लिए पीछे कर रहे थे उसी समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। दो घंटे की मेहनत के बाद के्रन से कार से निकाला जा सका पर तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। इस हादसे से मोहल्ले में मातम छा गया।घटना गुरुवार के रात की है। हादसे की जानकारी पुलिस को मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद तीनों शव और कार को कुएं से बाहर निकाला गया। फिलहाल सागर की मोतीनगर पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार शिक्षक हिमांशु तिवारी (उम्र 40 साल) का परिवार मुंडीटोरी इलाके में रेलवे ट्रैक के पास गोविंदनगर कॉलोनी में रहता है। हिमांशु शिकारपुर माध्यमिक शाला में पदस्थ हैं। गुरुवार रात बेटे नित्यांशु (14) उर्फ बिट्टू तिवारी और धनंजय (10) उर्फ ध्रुव तिवारी को लेकर वह कार से घुमाने के लिए निकले थे, जब वे घूमकर वापस घर लौटे तो कार रिवर्स कर रहे थे। इसी दौरान उनकी कर की स्पीड बढ़ गई और कार सीधे बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरी, जिस वक्त कार गिरी उस दौरान हिमांशु की पत्नी मणिप्रभा घर के अंदर थीं।
कुएं में कार गिरने से तेज आवाज आई, जिसे सुनकर लोगों ने कुएं में झांका तो उन्हें कार का एक हिस्सा नजर आया, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का मौहाल बन गया। कॉलोनी के लोगों ने तत्काल डायल-100 और मोतीनगर पुलिस को सूचित किया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बाहर से क्रेन मंगवाकर रेस्क्यू शुरू किया। हादसे के करीब 45 मिनट बाद रेस्क्यू शुरू हुआ। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। कार के बाहर आते ही लोग उसमें शिक्षक हिमांशु का शव देखकर चीख पड़े। हिमांशु को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कार में सिर्फ हिमांशु का शव था, जबकि दोनों बच्चों के शव कुएं से बरामद किए गए। रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले छोटे बेटे ध्रुव का शव निकाला गया बाद में कांटा डालकर बड़े बेटे बिट्टू का शव निकाला गया। शिक्षक की पत्नी मणिप्रभा को हादसे की मनहूस खबर नहीं दी गई। देर रात तक उन्हें केवल पति और बच्चों के अस्पताल में होने की बात बताई गई।
