CS की फिफ्टी नहीं दिला सकी जीत: चीफ सेक्रेटरी और आईएएस एसोसिएशन की टीम में रोमांचक मैच; एसोसिएशन की जीत, देवसेनापति मैन ऑफ द मैच
आईएएस कॉन्क्लेव: इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आईएएस अफसरों ने लगाए चौके-छक्के

रायपुर, 14 अप्रैल 2022। आईएएस कॉन्क्लेव के पहले दिन चीफ सेक्रेटरी अमिताभ जैन की टीम दक्षिण कौशल और आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज पिंगुआ की टीम महानदी सुपर रेंजर्स के बीच रोमांचक मैच हुआ। 12 ओवर के मैच में दक्षिण कौशल टीम ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित ओवर में 3 विकेट पर 103 रन बनाए। चीफ सेक्रेटरी जैन ने 50 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं पी. दयानंद 21 रन पर नॉटआउट रहे। इसके बाद महानदी सुपर रेंजर्स टीम रनों का पीछा करने के लिए उतरी। टीम ने 3 विकेट खोकर जीत का आंकड़ा पा लिया। केसी देवसेनापति ने नाबाद 67 रन बनाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, चीफ सेक्रेटरी जैन को बेस्ट बैट्समैन का खिताब दिया गया। दुर्ग कलेक्टर सर्वेश भूरे ने 2 विकेट लिए। उन्हें बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया। इंद्रजीत चंद्रवाल को बेस्ट फील्डर चुना गया।
आज सीएम भूपेश बघेल का उद्बोधन, फर्स्ट हाफ पैनल डिस्कशन, सेकंड हाफ में टाउन हॉल डिस्कशन
आईएएस कॉन्क्लेव के दूसरे दिन गंभीर विषयों पर चिंतन-मंथन होगा। इसमें लगभग सभी आईएएस अफसरों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। दूसरे दिन की शुरुआत पैनल डिस्कशन से होगी। इसमें ब्यूरोक्रेट अनिल स्वरूप और वैद्यनाथन अय्यर पैनल डिस्कशन में शामिल होंगे। इसके बाद सीएम भूपेश बघेल का उद्बोधन होगा। वे सरकार से विजन के साथ अफसरों से अपेक्षाओं पर भी चर्चा करेंगे। इसके बाद टाउनहॉल डिस्कशन होगा। इसमें एसके मिश्रा, पी. जॉय उम्मेन, एन. बैजेंद्र कुमार, अन्बलगन पी. और रेना जमील हिस्सा लेंगी।
