कांग्रेस विधायक का बेटा गिरफ़्तार: महिला नेत्री से रेप मामले में छह महीने से था फरार, घोषित था 25 हजार रुपए का इनाम

इंदौर 26 अक्टूबर 2021। रेप के आरोप में फरार चल रहे बड़नगर के कांग्रेसी विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल को इंदौर की महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे महिला थाना पुलिस ने पकड़कर इंदौर लेकर आई है। इंदौर पुलिस और महिला थाना पुलिस को आरोपी की लंबे समय से तलाश थी। करण पर इंदौर के राजेन्द्र नगर में रहने वाली महिला नेत्री ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। आरोपी को महिला थाना पुलिस ने मक्सी बायपास के पास से पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक शादी का झांसा देकर महिला नेता से दुष्कर्म करने का आरोपी पिछले साढ़े छह महीने से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था।स्थानीय महिला थाने की प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर करण मोरवाल को इंदौर से करीब 80 किलोमीटर दूर मक्सी के पास से महिला पुलिस और क्राइम प्रीवेंशन ब्रांच की साझा टीम ने उस वक्त पकड़ा, जब वह कार से कहीं जा रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस को इस कार में करण के साथ राहुल राठौड़ नाम का शख्स भी मिला, अब विधायक बेटे के फरार होने में राठौड़ की भूमिका की जांच की जा रही है।
शर्मा ने बताया, "फरार रहने के दौरान करण अलग-अलग जगहों पर कुछ दिनों के लिए छिपता था और ठिकाना बदल लेता था।" उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद करण की मेडिकल जांच कराई गई है और उससे पूछताछ जारी है। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि करण को एक स्थानीय अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजने का अनुरोध किया जाएगा ताकि पता चल सके कि फरारी के दौरान वह कहां-कहां छिपा और किन लोगों ने उसकी मदद की।
चश्मदीदों के मुताबिक अपने छोटे बेटे शिवम से पुलिस की पूछताछ के बीच कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल 19 अक्टूबर को इंदौर के महिला थाने से सटे पलासिया थाने पहुंचे थे और उन्होंने बंद कमरे में पुलिस अधिकारियों से चर्चा भी की थी। चर्चा के बाद विधायक जैसे ही पलासिया पुलिस थाने से बाहर निकले, मीडिया ने उनसे उनके बड़े बेटे करण के साढ़े छह महीने से फरार चलने के बारे में सवाल किए थे। हालांकि, वह सिर्फ इतना कहकर थाने से तुरंत रवाना हो गए थे कि उन्हें मीडिया के सामने अपना पक्ष नहीं रखना है।
