कलेक्टर-एसपी की सर्जरीः मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिए संकेत...बोले, परफॉरमेंस का किया जा रहा आंकलन, कसावट की दृष्टि से जल्द ही होगा फेरबदल

विशेष संवाददाता
रायपुर, 16 दिसंबर 2021। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कल तीन बरस पूरे हो जाएंगे। हालांकि, विधानसभा का रिजल्ट 11 दिसंबर को आ गया था। मगर उन्होंने मुख्यमंत्री पद का शपथ 17 दिसंबर को लिया। शपथ लेने के दूसरे दिन उन्होंने डीजीपी को बदला और तीसरे दिन याने 19 दिसंबर की रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर 28 में से 23 कलेक्टर बदल दिए गए थे। बोर्ड और निगमों को मिलाकर देखें तो लिस्ट में तीन दर्जन से अधिक नाम थे।
छत्तीसगढ़ के सबसे तेज और विश्वसनीय न्यूज वेबसाइट एनपीजी न्यूज से तीन बरस के कामकाजों और उपलब्धियों पर चर्चा के दौरान एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने संकेत दिए....फील्ड में कसावट लाने जल्द ही प्रशासनिक फेरबदल किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने ये स्पष्ट तौर पर कहा, सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाएं हैं। सरकार चाहती है कि आम आदमी को इसका लाभ मिले....सरकार की योजनाएं आम आदमी तक पहुंचे।
धान खरीदी से लेकर राजस्व मामले, लॉ एंड आर्डर, चिटफंड निवेशकों को पैसा वापिस कराना, सरकार के ये प्रायरिटी के काम हैं। निश्चित तौर पर कुछ जगहों पर अच्छे काम हो रहे और रिजल्ट भी आ रहे हैं। मगर कुछ जगहों पर और बेहतर करने की दरकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टर, एसपी के पारफारमेंस का आंकलन करने निर्देश उन्होंने दिया है। इस प्रश्न पर कि पारफारमेंस रिपोर्ट के आधार पर क्या कलेक्टर-एसपी की लिस्ट बड़ी हो जाएगी, मुख्यमंत्री ने कहा कि लिस्ट छोटी या बड़ी की बात नहीं है। पारफारमेंस किसी का अगर ठीक नहीं होगा तो उन्हें बदला जाएगा।
