Chhattisgarh Assembly Election 2023 प्रतापपुर विधानसभा : इस सीट में तीन बार ही चुनाव हुए, कांग्रेस की दो और भाजपा की एक बार ही जीत

Chhattisgarh Assembly Election 2023 प्रतापपुर विधानसभा : इस सीट में तीन बार ही चुनाव हुए, कांग्रेस की दो और भाजपा की एक बार ही जीत
X

Chhattisgarh Assembly Election 2023

रायपुर। सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले में स्थित है प्रतापपुर विधानसभा सीट। प्रतापपुर विधानसभा सीट पर इस वक्त कांग्रेस का कब्जा है। इस सीट के विधायक डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम विधायक हैं, जो भूपेश सरकार में शिक्षा मंत्री भी हैं। साल 2008 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अस्तित्व में आई इस सीट पर अब तक कुल 3 चुनाव ही हुए हैं। इन तीन चुनावों में से दो चुनाव कांग्रेस ने और एक बार भाजपा ने जीता है। साल 2008 में जब यहां पहला चुनाव हुआ तो कांग्रेस से डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम चुनावी मैदान में थे। उन्होंने भाजपा के रामसेवक पैकरा को 4245 वोट के अंतर से हराया था।

इसी तरह जब 2013 में विधानसभा चुनाव हुए तो एक बार फिर से कांग्रेस ने डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम और भाजपा से रामसेवक पैकरा को चुनावी मैदान में उतारा। इस चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को 8143 वोट के अंतर से हराया और रामसेवक पैकरा विधायक बनें। 2018 के चुनाव में फिर से डॉ प्रेमसाय और रामसेवक पैकरा चुनावी मैदान में थे और इस बार डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम ने जीत दर्ज की। हालांकि इस चुनाव में जीत का अंतर काफी बड़ा था, क्योंकि कांग्रेस ने 44105 वोट के अंतर से भाजपा को हराया था।

पिछले 30 साल से डॉ प्रेमसाय और रामसेवक हैं चुनावी प्रतिद्वंदी

प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र से डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम और रामसेवक पैकरा प्रमुख चुनावी प्रतिद्वंदी रहे हैं। ये दोनों पिछले 30 साल से हर विधानसभा चुनाव में आमने सामने हैं। प्रतापपुर विधानसभा सीट जब पिलखा के नाम से जानी जाती थी, तब 1993 के चुनावी मैदान में दोनों नेता पहली बार आमने-सामने हुए। इस चुनाव में डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम को 33430 वोट मिले, जबकि भाजपा के रामसेवक पैकरा को 24065 वोट। इस तरह यह चुनाव डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम ने 1965 वोट से जीता था। इसके बाद 1998, 2003, 2008, 2013 और 2018 के चुनाव में भी दोनों ही चुनावी मैदान में उतरे थे इन चुनावों में 4 बार डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम ने जीत दर्ज की और दो बार यहां से राम सेवक पैकरा ने चुनाव जीता।

डॉ प्रेमसाय इस क्षेत्र के 6 बार के विधायक

प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता और वर्तमान में शिक्षामंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम की अच्छी-खासी पैठ है। वे इस क्षेत्र से 6 बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। डॉ टेकाम ने अपना पहला चुनाव 1980 में जीता था। तब प्रतापपुर सीट पिलखा विधानसभा क्षेत्र थी। इसके बाद उन्होंने पिलखा से 1985, 1993, 1998 में चुनाव जीता। वहीं प्रतापपुर सीट से 2008 और 2018 में चुनाव जीता। इसी तरह सर्वाधिक वोट से चुनाव जीतने का रिकॉर्ड भी डॉ टेकाम के नाम है। उन्होंने साल 2018 के विधानसभा चुनाव में 44105 वोट के रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की थी।

प्रतापपुर सीट से चुने गए विधायकों की जानकारी

वर्ष विधायक पार्टी

2008 डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम कांग्रेस

2013 रामसेवक पैकरा भाजपा

2018 डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम कांग्रेस

नोट:- साल 2008 में ही प्रतापपुर विधानसभा से पहला चुनाव हुआ। इसके पहले यह सीट पिलखा विधानसभा थी, जहां 1977 में पहली बार विधानसभा चुनाव हुआ था।

Tags

Next Story