Begin typing your search above and press return to search.

छत्तीसगढ़- चना की हेराफेरी: यूपी सरकार को भेजा जा रहा था 24 लाख का चना, ठगों ने रास्ते से ही वाहन को कर दिया गायब, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

छत्तीसगढ़- चना की हेराफेरी: यूपी सरकार को भेजा जा रहा था 24 लाख का चना, ठगों ने रास्ते से ही वाहन को कर दिया गायब, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
X
By NPG News

रायपुर। छतीसगढ़ सरकार के द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए उत्तरप्रदेश भेजे जा रहे चने को ठगों ने रास्ते से गायब कर दिया गया। ट्रेलर नम्बर व पेपर बदल कर चने की अफरा तफरी करने पर ड्राइवर व हेल्पर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब मास्टरमाइंड को हरियाणा की करनाल जेल से प्रोडक्शन रिमांड पर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार उरला थाना क्षेत्र के जगन्नाथ कोल्ड स्टोरेज के संचालक अनिल कुमार अग्रवाल ने उरला थाना में एफआईआर दर्ज करवाई थी। उनकी कंपनी को शासकीय वितरण हेतु छतीसगढ़ सरकार द्वारा उत्तरप्रदेश सरकार को भेजे जाने वाले चने की सप्लाई का टेंडर मिला था। टेंडर के बाद जगन्नाथ कोल्ड स्टोरेज के द्वारा 438.70 क्विंटल चने (कीमत 24 लाख) की सप्लाई हेतु लोकल ट्रांसपोर्टर को हायर किया गया। जिसके द्वारा ट्रेलर क्रमांक up 53 et 8555 के माध्यम से 25 जून 2022 को चना यूपी के सोनभद्र के रॉबर्टगंज चना भेजा गया। पर नियत समय तक चना अपने गंतव्य तक नही पहुँचा। जिस पर उरला थाने में 407, 120 बी आईपीसी का अपराध दर्ज कर चालक राजीव शर्मा व हेल्फर बेटू उर्फ अभिषेक सिंह तोमर को कानपुर उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में पता चला कि दो अन्य आरोपी मामले में शामिल हैं। जिनमे उपेंद्र सिंह भदौरिया पिता रविन्द्र सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी कुढ़वा जिला कानपुर के मास्टरमाइंड होने का पता चला। उसने ट्रेलर का नम्बर व कागजात बदल कर साथियो के सहयोग से चने की अफरा तफरी को अंजाम दिया था। वह हरियाणा के करनाल में अन्य मामले में जेल में बंद था। पता चला कि उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज है। पुलिस उसे प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर राजधानी पहुँची। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल लिया है। उसके पास से चना बेच कर प्राप्त रकम 6 लाख रुपये नगद व घटना में प्रयुक्त ट्रेलर वाहन जब्त किया है।

Next Story