छठ पूजा पर सार्वजनिक अवकाश देने वाला छत्तीसगढ़ बिहार के बाद देश का दूसरा राज्य बना, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी छठ व्रतियों को शुभकामनाएं

० मुख्यमंत्री भूपेश बोले....छठ पर्व सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता और आभार प्रगट करने के साथ प्रकृति के करीब लाता है
NPG.NEWS
रायपुर, 9 नवंबर 2021। छत्तीसगढ़ सरकार ने छठ को सार्वजनिक अवकाश का ऐलान किया है। पहले स्थानीय अवकाश था। सरकार ने आज इसे बदलकर सार्वजनिक अवकाश कर दिया। याने अब कल सरकारी कार्यालयों के साथ ही बैंक भी बंद रहेंगे।
इस तरह छत्तीसगढ़ बिहार के बाद देश का दूसरा राज्य बन गया है, जहां छठ को सार्वजनिक छुट्टी रहेगी। उत्तर प्रदेश में भी ऐसा नहीं हैं जबकि, वहां बिहार के बाद सबसे अधिक छठ करने वाले लोग हैं। वहां कलेक्टरों से अपने हिसाब से छुट्टी तय करने कहा गया है।
छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय याने बिहार, यूपी के लोग रहते हैं। रायपुर से लेकर भिलाई, बिलासपुर, कोरबा के साथ ही कोरबा और सरगुजा के कोयलांचल में छठ के दिन लघु बिहार और यूपी की झलक दिखाई पड़ती है। छठ व्रत की महत्ता को समझते हुए अब छत्तीसगढ़ में भी बड़ी संख्या में लोग छठ व्रत करने लगे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में लोग छठ पूजा कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में आरगेनाइज ढंग से छठ पूजा की शुरूआत करने वाले बिलासपुर छठ पूजा समिति के प्रमुख एसपी सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इसके लिए आभार जताया है। सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने लाखों छठ व्रतियों की भवनाओं को समझते हुए यह निर्णय लिया है, यह स्वागतयोग्य है।
राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने छठ पूजा के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। राज्यपाल ने कहा है कि सूर्य उपासना का यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति प्रेम का संदेश देता है। इस अवसर पर उन्होंने कामना की है कि यह पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लाए।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने उत्तर भारतीय और भोजपुरी समाज सहित समस्त प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने सभी लोगों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की है। श्री बघेल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि छठ पूजा सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता और आभार प्रकट करने का पर्व हैं। यह पर्व भाईचारा, सामुदायिक सौहार्द लाने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति के करीब लाता है। इस पर्व पर सूर्य और छठी मइया की उपासना की जाती है।
श्री बघेल ने कहा कि छठ पर्व में माताओं और बहनों द्वारा कठिन तपस्या कर परिवार की बेहतरी और सुख-समृृद्धि के लिए नदी, तालाब के किनारे सूर्य को अर्ध्य देकर मंगल कामना की जाती है। भारत के विभिन्न प्रदेशों के समान छत्तीसगढ़ में भी बड़ी संख्या में लोग छठ पूजा करते हैं। लोगों की धार्मिक आस्था और भावना का सम्मान करते हुए बिहार के बाद छत्तीसगढ़ में छठ पूजा के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
Tags
-
Home
-
Menu
