Begin typing your search above and press return to search.

CG 5 साल बाद शिकंजे में ठग: 50 लोगों से डेढ़ करोड़ की धोखाधड़ी कर 5 साल से गायब पिता-पुत्र को दुर्ग पुलिस ने पुणे में पकड़ा, काम आई यह तरकीब...

नगर निगम का पूर्व कर्मचारी परिवार के साथ पुणे में हो गया था सैटल, बेटे का ट्रांसपोर्ट का बिजनेस फेल हुआ तो शुरू किया धोखाधड़ी का खेल।

CG 5 साल बाद शिकंजे में ठग: 50 लोगों से डेढ़ करोड़ की धोखाधड़ी कर 5 साल से गायब पिता-पुत्र को दुर्ग पुलिस ने पुणे में पकड़ा, काम आई यह तरकीब...
X
By NPG News

दुर्ग, 10 मई 2022। ट्विनसिटी के 50 से ज्यादा लोगों से डेढ़ करोड़ की ठगी कर पांच साल से गायब पिता-पुत्र पुणे में पुलिस के फंदे में फंसे। धोखाधड़ी के बाद आरोपी पांच साल से गायब थे। इस मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी रही। आखिरकार आरोपियों की एक गलती से पकड़ में आ गए। पुलिस ने नगर निगम के पूर्व कर्मचारी भूपेंद्र कुमार सोनी और उसके बेटे वरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

नेहरूनगर भिलाई के हितेश बक्शी नाम के व्यक्ति ने सुपेला थाने में रिपोर्ट लिखाई थी कि भूपेंद्र सोनी और वरुण ने 2017 में नेहरूनगर ईस्ट स्थित मकान का सौदा किया था और एडवांस के रूप में 15 लाख लिए थे। बाद में हितेश को यह जानकारी हुई कि जिस मकान के लिए उसने 15 लाख एडवांस दिया है, वह पहले ही IIFL होम लोन में बंधक है। हितेश ने पैसे वापस लेने की कोशिश की, लेकिन अचानक आरोपी परिवार समेत गायब हो गए।

आखिरकार, हितेश ने सुपेला थाने में रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने जांच शुरू की। पिता-पुत्र और उसके परिवार का पता नहीं चला। स्थानीय स्तर पर उनके परिवार के सदस्यों और पारिवारिक मित्रों से सम्पर्क किया गया। किसी को भी आरोपियों के बारे में जानकारी नहीं थी। हर किसी ने यही बताया कि 05 साल पहले से परिवार किसी अज्ञात जगह पर चला गया है। तब पुलिस ने तकनीकी साधनों का इस्तेमाल किया।

इस दौरान पुलिस को कुछ कनेक्शन का पता चला। पुलिस ने इसे ध्यान में रखकर पतासाजी की और आखिरकार वह कड़ी मिल गई, जिससे पिता-पुत्र के पुणे में होने का पता चला। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने बताया कि बेटे के ट्रांसपोर्ट के बिजनेस में घाटे के बाद मकान को बैंक में गिरवी रखकर लोन लिया। साथ ही, प्रार्थी से भी 15 लाख लिए थे। भूपेंद्र सोनी नगर निगम भिलाई के जोन-2 में उप अधीक्षक था। उसने कर्मचारियों से भी इसी तरह पैसे ऐंठे थे। इस राशि से भूपेंद्र का बेटा पुणे में ठेकेदारी कर रहा था और बेहतर जीवन जी रहा था।

Next Story